पारसी नववर्ष 'नवरोज' के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और

नई दिल्ली, 15 अगस्त । पारसी नव वर्ष 'नवरोज' के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने बधाई दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा गया, "पारसी नववर्ष 'नवरोज' के शुभ अवसर पर, मैं भारत और विदेशों में रहने वाले सभी देशवासियों, और विशेष रूप से पारसी भाई-बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।

राष्ट्रपति की ओर से संदेश में लिखा गया, "नवरोज नई शुरुआत और नई उम्मीद का प्रतीक है। खुशी और सद्भाव का यह त्योहार हमें मिल-जुलकर रहने और मानवता की सेवा करने के मूल्यों की याद दिलाता है। पारसी समुदाय ने अपनी उद्यमशीलता और परोपकार की भावना से भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुझे विश्वास है कि यह पवित्र त्योहार सभी नागरिकों को एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करने के लिए प्रेरित करेगा। यह त्योहार सभी के लिए खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए।"

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "पारसी नववर्ष, नवरोज के शुभ अवसर पर मैं अपने सभी पारसी भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह नया साल हर परिवार के लिए शांति, समृद्धि और खुशियां लाए और हमें अपने देश में एकता, सद्भाव और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने के लिए प्रेरित करे। आस्था, करुणा और सेवा के शाश्वत मूल्य हमारी साझा विरासत को समृद्ध करते रहें और हमें उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएं। नवरोज मुबारक!"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, "पारसी नव वर्ष की शुरुआत पर बधाई। विभिन्न क्षेत्रों में पारसी समुदाय के शानदार योगदान ने हमारे देश को अनगिनत तरीकों से समृद्ध किया है। आने वाला साल सभी के लिए शांति, खुशी, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य से भरा हो। नवरोज मुबारक!"

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "पारसी नव वर्ष की शुभकामनाएं। यह नया वर्ष सभी के लिए शांति, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और नई शुरुआत लेकर आए। नवरोज मुबारक!"

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "पारसी नववर्ष, नवरोज के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। नवरोज नई शुरुआत, उम्मीद, सद्भाव और पारसी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। इस खास मौके पर, मैं अपने पारसी भाई-बहनों को दिल से शुभकामनाएं देता हूं। नवरोज मुबारक!"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter