मौसम का बदला मिजाज, आसमान पर छाए काले बादल, हल्की बूंदाबांदी से मिली लोगों को राहत

एनसीआर, 17 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और लोगों को तपती धूप से राहत मिली। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए, जिसके साथ तेज हवाएं चलीं और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।

मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से एनसीआर में तापमान लगातार बढ़ रहा था। शुक्रवार से पहले अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा था, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था।

विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग की 7 दिनों की भविष्यवाणी के अनुसार, शुरुआत में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई थी, जबकि इसके बाद लगातार साफ मौसम रहने का अनुमान है।

आंकड़ों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 38, 39 और फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

आईएमडी के रिकॉर्ड के अनुसार, 17 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन दिनभर उमस और तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, शुक्रवार दोपहर बाद आए मौसम परिवर्तन ने इस स्थिति को कुछ हद तक संतुलित किया।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव प्री-समर वेदर एक्टिविटी का हिस्सा है, जिसमें तेज गर्मी के बीच अचानक बादल, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश देखने को मिलती है। हालांकि, यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है। आने वाले दिनों में एक बार फिर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। शुक्रवार का बदला हुआ मौसम भले ही कुछ समय के लिए राहत लेकर आया हो, लेकिन एनसीआर में गर्मी का प्रकोप अभी जारी रहने की पूरी संभावना है।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter