'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच शाइना एनसी बोलीं- एकनाथ शिंदे का फोकस सिर्फ महाराष्ट्र के विकास पर
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए किसी भी तरह की अटकलों से बचने की सलाह दी और कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पूरा ध्यान केवल महाराष्ट्र के विकास और प्रगति पर केंद्रित है।

मुंबई, 17 जून । महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए किसी भी तरह की अटकलों से बचने की सलाह दी और कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पूरा ध्यान केवल महाराष्ट्र के विकास और प्रगति पर केंद्रित है।
शाइना एनसी ने कहा कि एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने बताया कि अमरावती, नांदेड़, सोलापुर, कोल्हापुर, परभणी और लातूर समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से नेता लगातार शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। यह सरकार के मजबूत प्रशासन और विकास मॉडल पर लोगों के भरोसे को दर्शाता है।
शाइना एनसी ने कहा कि 'ऑपरेशन टाइगर' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने या किसी तरह की राजनीतिक अटकलें लगाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि लोग अपनी इच्छा से शिवसेना में शामिल होने का फैसला कर रहे हैं, तो उनका स्वागत है। जो भी निर्णय महाराष्ट्र की जनता और राज्य के हित में होगा, पार्टी उसका स्वागत करेगी।
गौरतलब है कि 'ऑपरेशन टाइगर' महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक गलियारों में इसे एक रणनीतिक अभियान के रूप में देखा जा रहा है, जिसके तहत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना-यूबीटी) में एक और बड़ी टूट की आशंका लग रही है।
चर्चाओं के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य उद्धव ठाकरे गुट के बचे हुए नौ लोकसभा सांसदों में से छह से सात सांसदों को अपने पक्ष में लाना और उन्हें शिंदे गुट में शामिल कराना बताया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच शाइना एनसी के बयान ने स्पष्ट संकेत दिया है कि शिवसेना नेतृत्व फिलहाल किसी राजनीतिक अभियान की चर्चा से अधिक विकास और संगठन विस्तार पर जोर दे रहा है। पार्टी का दावा है कि लगातार बढ़ता जनसमर्थन और नए नेताओं का जुड़ना उसकी बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।
Source: IANS

