नेपाली सेना जनरल की मानद रैंक से भारतीय सेना प्रमुख धीरज सेठ सम्मानित

काठमांडू, 17 अगस्त । नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सोमवार को भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के जनरल का मानद रैंक प्रदान किया। नेपाल और भारत के बीच 1950 से चली आ रही एक अनोखी दशकों पुरानी परंपरा है। इस परंपरा के तहत दोनों देश एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को जनरल का मानद पद प्रदान करते हैं।

माना जाता है कि इस परंपरा ने दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राष्ट्रपति पौडेल ने शीतल निवास, राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में जनरल सेठ को नेपाली सेना के जनरल के मानद पद का चिन्ह भेंट किया।

इस सम्मान समारोह में नेपाल के उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, मुख्य सचिव गोविंद बहादुर कार्की, नेपाली सेना के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल, नेपाली सेना के पूर्व सेना प्रमुख, विभिन्न मंत्रालयों के सचिव, नेपाल में भारत के राजदूत और मित्र देशों के रक्षा अताशे भी मौजूद थे।

नेपाली सेना के अनुसार, 30 जून को भारतीय सेना के 31वें प्रमुख के रूप में पदभार संभालने वाले भारतीय सेना प्रमुख, नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल के निमंत्रण पर नेपाल की चार दिवसीय यात्रा पर काठमांडू पहुंचे हैं।

जनरल सेठ ने पांच सदस्यीय भारतीय सेना के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दल में उनकी पत्नी कोमल सेठ भी शामिल थीं, जो भारतीय सेना की आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एडब्लयूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष हैं। कोमल नेपाली आर्मी वाइव्स एसोसिएशन (एनएडब्लयूए) की अध्यक्ष नीता छेत्री सिग्देल से उनके कार्यालय में मुलाकात की।

बैठक के दौरान नेपाली आर्मी वाइव्स एसोसिएशन ने एसोसिएशन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी दी। नेपाली सेना के अनुसार, सेना प्रमुख जनरल सिग्देल सोमवार शाम को जनरल सेठ और आए हुए प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में भोज का आयोजन कर रहे हैं।

मानद पद दिए जाने से पहले जनरल सेठ ने सोमवार को नेपाल के सेना प्रमुख जनरल सिग्देल से शिष्टाचार भेंट की। नेपाली सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "बैठक के दौरान उन्होंने आपसी हित के मुद्दों और नेपाल-भारत के बीच द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।"

इस यात्रा के दौरान जनरल सेठ नेपाली सेना मुख्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सोमवार को आर्मी पैवेलियन में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी।

रविवार को जनरल सेठ के आगमन के बाद नेपाली सेना ने एक बयान में कहा कि इस तरह के उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान दोनों सेनाओं के बीच घनिष्ठ और लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को मजबूत करने में मदद करते हैं। यह यात्रा नेपाल और भारत के बीच नियमित उच्च-स्तरीय सैन्य आदान-प्रदान का हिस्सा है, जो दोनों पड़ोसी देशों की सशस्त्र सेनाओं के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्ठ संबंधों को दर्शाती है।

इस बीच, जनरल सेठ ने रविवार शाम को नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से भी मुलाकात की। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, बैठक के दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापक संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

दूतावास ने कहा, "यह यात्रा नेपाल और भारत के बीच अनोखे और समय-परीक्षित रक्षा संबंधों की पुष्टि करती है, जो साझा मूल्यों, आपसी विश्वास और सेना-से-सेना के स्थायी संबंधों पर आधारित हैं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter