केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी हैदराबाद मुक्ति

नई दिल्ली, 17 सितंबर । हैदराबाद मुक्ति दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने बधाई दी है। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा गया, "हैदराबाद मुक्ति दिवस के अवसर पर, मैं तेलंगाना, हैदराबाद-कर्नाटक और मराठवाड़ा वाले पूर्ववर्ती हैदराबाद क्षेत्र के लोगों को बधाई देता हूं।"

गृह मंत्री शाह ने लिखा, "यह दिन आपकी देशभक्ति और वीरता की उस गाथा को याद दिलाता है, जिसके जरिए आपने भारत के साथ एकजुट होने के लिए निजाम और रजाकारों के दमनकारी शासन को उखाड़ फेंका था; साथ ही, यह एक महान राष्ट्र के रूप में हमारी एकता के बंधन को और मजबूत करता है। आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले शहीदों को मेरा नमन।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "तेलंगाना, हैदराबाद, कर्नाटक एवं मराठवाड़ा क्षेत्र के सभी नागरिकों को हैदराबाद मुक्ति दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

केशव मौर्य ने लिखा, "देश के प्रथम गृह मंत्री व उप-प्रधानमंत्री, 'भारत रत्न', 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल जी के निर्णायक प्रयासों ने हैदराबाद के भारत में विलय का मार्ग प्रशस्त कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने देश की एकता एवं अखंडता को नई मजबूती प्रदान की। उनका नेतृत्व आज भी हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। हैदराबाद मुक्ति संग्राम के सभी अमर बलिदानियों को कोटि-कोटि नमन।"

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "17 सितंबर 1948 का ऐतिहासिक दिन भारत की एकता और अखंडता के संकल्प का प्रतीक है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रभक्तों के संघर्ष से हैदराबाद का भारतीय संघ में एकीकरण सुनिश्चित हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर हैदराबाद मुक्ति संग्राम के सभी वीरों एवं बलिदानियों को कृतज्ञ नमन।"

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा, "हैदराबाद मुक्ति दिवस पर, हम उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनके साहस, त्याग और दृढ़ संकल्प ने हैदराबाद के भारत में विलय का मार्ग प्रशस्त किया। हैदराबाद मुक्ति दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।"

हैदराबाद मुक्ति दिवस हर साल 17 सितंबर को मनाया जाता है, जो 1948 में इसी दिन भारतीय सेना के 'ऑपरेशन पोलो' (पुलिस कार्रवाई) के बाद हैदराबाद रियासत के निजाम के शासन से मुक्त होकर भारतीय संघ में विलय की याद दिलाता है। 15 अगस्त 1947 को जब भारत आजाद हुआ, तब हैदराबाद रियासत पर निजाम मीर उस्मान अली खान का शासन था और उसने भारत में शामिल होने से इनकार कर दिया था। तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के नेतृत्व में 13 सितंबर 1948 को सैन्य कार्रवाई शुरू की गई थी, जिसके बाद 17 सितंबर 1948 को हैदराबाद को मुक्ति मिली।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter