दिल्ली: डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नई दिल्ली, 18 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने डाक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महिपालपुर स्थित एएमपीसी में तैनात पोस्ट अधीक्षक के रूप में हुई है।

सीबीआई की ओर से शनिवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस मामले में 17 अप्रैल को शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि उक्त अधिकारी ने शिकायतकर्ताओं से उनकी ब्रांच ट्रांसफर रोकने और अवकाश (लीव) मंजूर करने के एवज में 20 हजार रुपए की अवैध रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के दौरान सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ, जिसे कुल रिश्वत की रकम का आंशिक भुगतान बताया गया।

जांच एजेंसी ने आगे कहा कि सीबीआई ने शिकायत की पुष्टि के बाद 17 अप्रैल को ही जाल बिछाया और आरोपी को उस समय रंगे हाथ पकड़ लिया, जब वह शिकायतकर्ताओं से 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था और उसे स्वीकार कर रहा था। सीबीआई की टीम ने मौके पर ही आरोपी पोस्ट अधीक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

इससे पहले, 8 अप्रैल को सीबीआई ने तमिलनाडु के रानीपेट में जीएसटी विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान येल्लामिली रिंकेश (सुपरिंटेंडेंट) और रामकेश मीणा (इंस्पेक्टर) के रूप में हुई है। सीबीआई के अनुसार, सुपरिंटेंडेंट ने एक करदाता से जीएसटी रजिस्ट्रेशन क्लियर करने के लिए रिश्वत मांगी थी। इस मामले में जांच के दौरान इंस्पेक्टर की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement