बिहार: सासाराम रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर राख

सासाराम, 18 मई । बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, सुबह साढ़े 5 बजे ट्रेन में आग लगने की बात सामने आई। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। समय रहते उठाए गए जरूरी कदम की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि सासाराम रेलवे स्टेशन पर सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन लगी हुई थी। इसी बीच इंजन की ओर से 5वें बोगी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और ट्रेन की एक बोगी जलकर राख हो गई। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि सुबह साढ़े 5 बजे हमें सूचना मिली थी कि सासाराम पटना पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई। कोई कैजुअलटी नहीं हुई है, आग लगने की सूचना पाकर पायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन की एक बोगी को हटाकर और समय में बदलाव कर करीब 2 घंटे के बाद रवाना करने की प्रक्रिया जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement