कुछ कॉलेजों में आए नतीजे, डूसू चुनाव की मतगणना 19 सितंबर को

नई दिल्ली, 18 सितंबर । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कुछ कॉलेजों के चुनाव में जीत हासिल करने का दावा किया है। विद्यार्थी परिषद के मुताबिक, उन्हें भारती महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनाव में सभी 8 पदों पर जीत मिली है।

छात्र संगठन का कहना है कि क्लीन स्वीप का सिलसिल अरविंदो मॉर्निंग कॉलेज में भी जारी रहा। यहां एबीवीपी ने क्लीन स्वीप किया है। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय केंद्रीय पदों के लिए छात्रसंघ चुनाव की मतगणना शनिवार को होगी। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है।

छात्र संगठन का कहना है कि फर्जी आईडी कार्ड से वोट डालने की कोशिश की जा रही थी। ऐसा करते हुए एक छात्रा पकड़ी गई है। दिल्ली विश्वविद्यालय के इवनिंग शिफ्ट में एलसी-1 पर चल रही मतदान प्रक्रिया के दौरान एक छात्रा को फर्जी आईडी कार्ड के जरिए वोट डालने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। उसके पास से एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ, जिसके पश्चात सुरक्षाबलों द्वारा उसे हिरासत में लिया गया है। छात्रा से पूछताछ की जा रही है।

छात्र संगठनों का कहना है कि यह चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का गंभीर प्रयास है और मतदान की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को पहले मॉर्निंग कॉलेजों में पहली पाली का मतदान हुआ। इसके बाद दोपहर को दूसरा पाली की मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।

डूसू इलेक्शन में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार प्रमुख पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में थे। सुबह साढ़े आठ बजे से मॉर्निंग कॉलेजों में मतदान शुरू हो गया था। इन कॉलेजों में मतदान प्रक्रिया दोपहर एक बजे तक जारी रही। इसके बाद सांध्य कॉलेजों में मतदान शुरू हुआ। यहां दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक वोट डाले जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कैंपस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विश्वविद्यालय में जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर भी आए। इस बार डूसू चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक सात उम्मीदवार मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद पर पांच, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव के लिए चार-चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव के लिए मतगणना शनिवार को होगी।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अध्यक्ष पद पर यश डबास चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन यानी एनएसयूआई ने विजय शंकर मीणा को उम्मीदवार बनाया है। वामपंथी छात्र संगठनों के गठबंधन ने भी भी चारों प्रमुख पदों पर दावेदारी पेश की गई है। चुनाव में छात्र संगठनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter