'भारत की विकास यात्रा में राजीव गांधी का भी अहम योगदान', राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 20 अगस्त । पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती की अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बड़ा बयान दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा में राजीव गांधी का भी अहम योगदान रहा है। राजनाथ सिंह के बयान के बाद सियासी पारा बढ़ सकता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत की विकास यात्रा में उनका भी अहम योगदान रहा है।

पूर्व पीएम राजीव गांधी की भूमिका भारत को आधुनिक, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने में अहम रही। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत को विश्व में वर्तमान स्थान दिलाया और इसीलिए उन्हें भारत में 'सूचना प्रौद्योगिकी का जनक' कहा जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती को हर साल 'सद्भावना दिवस' के रूप में मनाया जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी की समाधि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने भारत के निर्माण और तरक्की के लिए आधुनिक तकनीक और नए विचारों को अपनाने में विश्वास जताया। इसके लिए यह बेहद जरूरी था कि युवाओं की भागीदारी और उनकी प्रतिभा को विकसित करने के लिए समुचित व्यवस्था और अवसर प्रदान किए जाए।"

पायलट ने लिखा, "अपनी दूरदर्शिता से उन्होंने देश में आधुनिकरण की नई परिभाषा गढ़ी। कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण फैसलों ने देश को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आज उनकी जयंती पर उन्हें हृदय की गहराइयों से नमन करता हूं।"

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "राजीव गांधी न केवल भारत के प्रधानमंत्री थे बल्कि युवाओं के सबसे बड़े समर्थकों में से एक थे, एक ऐसे नेता जिनका मानना ​​था कि युवा भारतीय न केवल भविष्य हैं बल्कि वे शक्ति हैं जो एक आधुनिक राष्ट्र का निर्माण करेंगे। आधुनिक, तकनीकी रूप से उन्नत और आर्थिक रूप से सशक्त भारत का उनका विजन कांग्रेस पार्टी के लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी है। राजीव जी को उनकी 82वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि।"

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष उमंग सिघार ने सोशल मीडिया पर लिखा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के निर्माण के अग्रदूत एवं दूरदर्शी नेता पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर सादर नमन। भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने, सूचना एवं संचार क्रांति की नींव रखने, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा युवाओं को नई दिशा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके प्रगतिशील विचार, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter