कोलकाता में योग दिवस कार्यक्रम का समापन, पीएम मोदी बोले- 'लोगों ने निभाया आदर्श नागरिक का कर्तव्य'

कोलकाता, 21 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोलकाता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का समापन हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम के जरिए योग दिवस पर देश का नेतृत्व किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कोलकाता के नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "आज सुबह कोलकाता के रेड रोड पर योग दिवस का एक शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हर वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया और सभी के जीवन में योग के महत्व का एक अहम संदेश दिया। इस बार कार्यक्रम की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थी, जिसमें हर उम्र में फिट और स्वस्थ रहने के लिए योग के महत्व पर जोर दिया गया।"

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "मैं इस साल के योग दिवस कार्यक्रम के लिए इतने शानदार मेजबान बनने पर कोलकाता के अपने भाइयों और बहनों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। इस जीवंत शहर में इसे मनाना सम्मान की बात है। योग दिवस से पहले पूरे शहर में स्वच्छता अभियान चलाए गए, जो बहुत प्रेरणादायक भी थे। कोलकाता के लोगों ने एक नागरिक के तौर पर अपने कर्तव्यों का पालन करने का एक बड़ा संदेश दिया है।"

इससे पहले, पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "21 जून का ये दिन, पृथ्वी के कुछ भूभाग पर साल में सबसे लंबी अवधि का दिन होता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कारण 21 जून का ये दिन विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन भी बन गया है। विश्व के अलग-अलग हिस्सों से योग की एक से एक अद्भुत तस्वीरें आ रहीं हैं। भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक, पूर्वोत्तर और पूरब में बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक, पूरा देश योग की ऊर्जा से चैतन्य से भरा हुआ नजर आ रहा है।"

उन्होंने कहा कि पूरा देश, पूरा विश्व एक दूसरे से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है और यही योग की ताकत है। योग सबको जोड़ता है, योग सबको साथ लाता है। मैं इस अवसर पर पूरे विश्व को, संपूर्ण मानव समुदाय को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement