दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को छोड़ा, प्रियंका गांधी बोलीं- 'मेरे भाई बहुत मजबूत, सब बर्दाश्त कर लेंगे'

नई दिल्ली, 21 जुलाई । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अलावा पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने छोड़ दिया है। प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हटाया था और राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था।

सीजेपी प्रदर्शन के दौरान 20 जुलाई को पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के खिलाफ विपक्ष के कई नेताओं ने संसद भवन से मार्च निकाला था। यह मार्च प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचा और फिर सभी नेता वहीं धरने पर बैठ गए। केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह उनसे बातचीत करने पहुंचे, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही।

इसके बाद प्रदर्शनकारियों से पीएम आवास के पास से हटने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस सभी नेताओं को जबरन बसों में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले गई।

प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली स्थित मंदिर मार्ग थाना, राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम और अन्य कई सांसदों को किंग्सवे कैंप क्षेत्र में ले जाया गया था।

अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को छोड़ दिया गया है। दिल्ली पुलिस द्वारा छोड़े जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमसे कोई बातचीत नहीं की गई। हम इस मुद्दे को संसद में फिर से उठाएंगे।

उन्होंने कहा, "मेरे भाई बहुत मजबूत हैं, वह सब बर्दाश्त कर लेंगे। सोमवार को छात्रों के साथ जो हुआ, वह गलत था। ये बच्चे और युवा हमारे देश के भविष्य हैं। जब हम संसद में कहते हैं कि हम चर्चा चाहते हैं, तो वे वंदे मातरम पर चर्चा की बात करते हैं। इसका मतलब क्या है? अगर हम अपने युवाओं को ही नहीं बचा सकते और सुरक्षित नहीं रख सकते, अगर हम अपने बच्चों पर दमन करेंगे, उन्हें मारेंगे-पीटेंगे, तो कैसे चलेगा?"

इस बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी, हर जोर आजमा लो, सारी ताकत लगा लो, छात्रों के इंसाफ की यह लड़ाई अब न रुकेगी, न झुकेगी।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement