नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर हाई अलर्ट: किसानों के दिल्ली कूच और प्रदर्शनों के मद्देनजर चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

नोएडा, 21 जुलाई । किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान और राजधानी में जारी विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। विशेष रूप से चिल्ला बॉर्डर पर नोएडा पुलिस ने हाई अलर्ट घोषित करते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। सोमवार को छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।

चिल्ला बॉर्डर पर नोएडा पुलिस ने कई लेयर में बैरिकेडिंग की है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय स्थिति को तुरंत संभाला जा सके। बॉर्डर पर एसीपी, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ दिल्ली की ओर पैरामिलिट्री फोर्स को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

पुलिस द्वारा बॉर्डर से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, किसानों के प्रस्तावित आंदोलन और जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पुलिस की कोशिश है कि दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। हालांकि सुरक्षा कारणों से कुछ स्थानों पर वाहनों की गति धीमी रहने और हल्के ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिल सकती है।

चिल्ला बॉर्डर पर लगातार पुलिस गश्त की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को पल-पल की जानकारी दी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैयार रखा गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सुरक्षा जांच में सहयोग करें और यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल राजधानी में जारी प्रदर्शनों और हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए नोएडा-दिल्ली सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रहे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement