पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, राज्य के विकास पर चर्चा

नई दिल्ली, 22 मई । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि आज नई दिल्ली में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का सौभाग्य और सम्मान प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री के रूप में पश्चिम बंगाल की जनता की सेवा का दायित्व ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री से यह मेरी पहली आधिकारिक मुलाकात है।

उन्होंने लिखा कि मैं प्रधानमंत्री के हार्दिक शुभकामनाओं और विशेष रूप से हमारे राज्य की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। हमारी सार्थक चर्चा के दौरान, प्रधानमंत्री ने 'सबका साथ, सबका विकास' के अपने दृष्टिकोण पर फिर से जोर दिया और दोहराया कि पश्चिम बंगाल का विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल को वर्षों के आर्थिक ठहराव से उबारने और उसे आर्थिक विकास, औद्योगिक पुनरुद्धार और युवा सशक्तिकरण के पथ पर अग्रसर करने के लिए हर संभव सहायता, मार्गदर्शन और केंद्रीय समर्थन का आश्वासन देने के लिए उनका अत्यंत आभारी हूं। केंद्र के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ, हम पश्चिम बंगाल के लिए दोहरी गति से विकास, पारदर्शी शासन और समग्र विकास के एक नए युग की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं।

इससे पहले सीएम सुवेंदु अधिकारी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात की। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का अवसर देने के लिए मैं अत्यंत सम्मानित और आभारी हूं। राष्ट्रपति, पश्चिम बंगाल की जनता आपको सर्वोच्च सम्मान देती है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके अगले राज्य दौरे पर, पश्चिम बंगाल की नई सरकार आपके पिछले दौरे की दुखद यादों को मिटाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी, जब तत्कालीन सरकार ने दुर्भाग्यवश आपके गरिमामय व्यक्तित्व को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया था।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल यह सुनिश्चित करेगा कि आपको हमारे महान राष्ट्र के सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख के रूप में वह सम्मान, गरिमा और आदर प्राप्त हो जिसके आप हकदार हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement