पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को सूखाग्रस्त घोषित किया तो जलाएंगे दीये :

नागपुर, 21 सितंबर । महाराष्ट्र में अकाल घोषित करने की मांग तेज हो गई है। महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर पूरे महाराष्ट्र में सूखा घोषित करने की मांग करने का फैसला किया है। अमरावती से कांग्रेस सांसद बलवंत वानखेड़े ने इसको लेकर जानकारी दी।

बलवंत वानखेड़े ने मंगलवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सूखा घोषित करने की मांग को लेकर महाविकास अघाड़ी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में सूखा घोषित करते हैं, तो प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जिस प्रकार दीये जलाए गए थे, वैसे ही दीये जलाएंगे।

सांसद ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "महाराष्ट्र में अकाल जैसी स्थिति बन गई है, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक केंद्र को प्रस्ताव तक नहीं भेजा है। कृषि मंत्री ने खुद कल बताया कि वह केंद्र को पत्र भेजेंगे। सरकार इस मामले में समय लगा रही है, जबकि पूरा प्रशासन और जनता कह रहे है कि अकाल घोषित होना चाहिए। सरकार अकाल घोषित नहीं कर रही है, इसलिए हम प्रधानमंत्री से मिलेंगे।"

जब उनसे पूछा गया कि यदि प्रधानमंत्री राज्य का सूखाग्रस्त घोषित करते हैं तो वह किस तरह प्रतिक्रिया देंगे, इस पर उन्होंने कहा "अगर जल्द सूखा घोषित होता है और किसानों को मुआवजा मिलता है तो जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीये जलाए गए थे, उसी तरह हम भी दीये जलाएंगे।"

दरअसल, महाराष्ट्र के कई जिलों में इस साल बारिश की कमी के कारण खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है। किसानों की फसलें सूख गई हैं। विपक्ष लगातार सरकार से पूरे राज्य में सूखा घोषित करने और किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग कर रहा है।

महाविकास अघाड़ी का आरोप है कि राज्य सरकार सूखा घोषित करने में देरी कर रही है और केंद्र को अभी तक औपचारिक प्रस्ताव भी नहीं भेजा गया है। जबकि प्रशासनिक स्तर पर और जमीनी हकीकत में हालात अकाल जैसे बन चुके हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter