ममता दीदी का विकास जनता को पसंद, चौथी बार बनेगी टीएमसी सरकार: यूसुफ पठान

हुगली, 23 अप्रैल । पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि जनता को ममता दीदी का विकास पसंद है और जनता का टीएमसी पर पूरा विश्वास है। पठान ने दावा किया कि इस बार भी जनता टीएमसी की सरकार बनाने वाली है।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की सीटों पर राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है। हुगली में पूर्व भारतीय क्रिकेटर व टीएमसी सांसद यूसुफ पठान ने पार्टी उम्मीदवार देबांग्शु भट्टाचार्य के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान यूसुफ पठान ने कहा कि यहां के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां दुर्गा पूजा सहित अन्य धर्मों के त्योहार लोग एक परिवार की तरह मिलकर मनाते हैं। मैं बस लोगों से यही अपील करना चाहता हूं कि हमारी दीदी को वोट दीजिए, टीएमसी के प्रत्याशियों को वोट दीजिए ताकि दीदी को मजबूती मिले और टीएमसी की सरकार बने।

उन्होंने महिलाओं के लिए टीएमसी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दीदी ने महिलाओं के लिए जो योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें बरकरार रखा जाएगा। वे हमेशा महिलाओं के साथ खड़ी रहती हैं।

मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा पर यूसुफ पठान ने कहा कि अगर ऐसी घटना हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अगर हुमायूं कबीर ने कुछ किया है तो लोगों को पता होना चाहिए कि वह किस तरह का इंसान है। जांच होनी चाहिए और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। किसी को यह हक नहीं है कि वे लोगों को नुकसान पहुंचाए।

बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव पर उन्होंने कहा कि बंगाल में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो रहा है। यह लोकसभा चुनाव की तरह होगा। यहां के लोग समझदार हैं, एक परिवार की तरह रहते हैं और मोहब्बत से भरे हैं। उन्हें बदनाम नहीं किया जाना चाहिए।

ईवीएम को लेकर यूसुफ पठान ने कहा कि अगर ईवीएम को लेकर कुछ जगह पर शिकायत है तो उसे दुरुस्त कर लेना चाहिए, यह तो चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह जांच करे। इसके अलावा दूसरा विकल्प भी देखना चाहिए। लोगों को वोट देने के दौरान कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए। सभी मतदाताओं को अपना वोट देना चाहिए। अगर ईवीएम मशीन नहीं चलेगी तो लोगों के साथ इंसाफ नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता टीएमसी और दीदी को बहुत पसंद करती है, इसलिए बार-बार उन्हें चुनाव जिताती है। इस बार भी टीएमसी में जनता विश्वास जताएगी और उसे सत्ता में वापस लाएगी।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter