19वां रोजगार मेला: पीएम मोदी 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे

नई दिल्ली, 23 मई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

ये नियुक्ति पत्र वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बांटे जाएंगे। इस मौके पर पीएम मोदी सभा को भी संबोधित करेंगे।

रोजगार पैदा करने को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप 'रोजगार मेला' एक बड़ी पहल है जिसका मकसद इस सोच को हकीकत में बदलना है। इसकी शुरुआत से अब तक देश भर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

19वां 'रोजगार मेला' पूरे देश में 47 जगहों पर आयोजित किया जाएगा। देश भर से चुने गए ये युवा भारत सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे। इनमें रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और अन्य विभाग शामिल हैं।

जनवरी में आयोजित 18वें रोजगार मेले के दौरान पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया था कि युवाओं को कौशल से जोड़ना, उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि रोजगार मेला सरकारी भर्तियों को 'मिशन मोड' में लाने के लिए शुरू किया गया था और पिछले कुछ वर्षों में यह एक संस्था बन गया है। इस पहल के माध्यम से लाखों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा था कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और सरकार लगातार युवाओं के लिए देश के भीतर और वैश्विक स्तर पर नए अवसर पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी जिक्र किया था कि सरकार कई देशों के साथ व्यापार और आवाजाही संबंधी समझौते कर रही है, जिनसे युवा भारतीयों के लिए अनगिनत नए अवसर खुल रहे हैं।

पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि हाल के समय में भारत ने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व निवेश किया है, जिससे कंस्ट्रक्शन से जुड़े सेक्टरों में रोजगार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें लगभग दो लाख रजिस्टर्ड स्टार्टअप 21 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा था कि 'डिजिटल इंडिया' ने एक नई अर्थव्यवस्था का विस्तार किया है, जिसके साथ भारत एनिमेशन, डिजिटल मीडिया और कई अन्य सेक्टरों में एक ग्लोबल हब के तौर पर उभर रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement