दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 'फिल्म फेस्टिवल 2026' को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की

नई दिल्ली, 24 मार्च। दिल्ली में 25 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली (आईएफएफडी 2026) आयोजित होने जा रहा है। यह दिल्ली सरकार का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव है, जो भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होगा। फेस्टिवल सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान मथुरा रोड और भैरों रोड पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन दोनों सड़कों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। गलत पार्किंग करने वालों के वाहनों को तुरंत हटाया जाएगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा। टो किए गए वाहनों को भैरों मंदिर, भैरों मार्ग के सामने स्थित ट्रैफिक पिट में जमा किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान मथुरा और भैरों रोड प्रभावित होंगे।

इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी जाम की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि लोग रिंग रोड का इस्तेमाल करें और मेट्रो, बस जैसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को प्राथमिकता दें। खासकर एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से प्लान कर लेनी चाहिए।

सामान्य आमंत्रितों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रवेश/निकास के लिए गेट नंबर 4 (भैरों मार्ग पर) और गेट नंबर 10 (मेट्रो स्टेशन के पास) का इस्तेमाल होगा। वहीं, अगर पार्किंग की बात करें तो इसके लिए बेसमेंट में पार्किंग नंबर 1 (भैरों मार्ग से प्रवेश), बेसमेंट पार्किंग नंबर 2 (मथुरा रोड से प्रवेश), और भैरों मंदिर और नेशनल स्टेडियम में सरफेस पार्किंग उपलब्ध रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने सभी मोटरिस्टों से अनुरोध किया है कि वे धैर्य रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सम्मान करें। इससे फेस्टिवल का अनुभव सभी के लिए सुगम और सुरक्षित बनेगा।

रियल टाइम अपडेट के लिए दिल्ली पुलिस के आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी प्राप्त होगी। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement