पीएम मोदी ने किया हुगली नदी में भ्रमण, तट पर नाविकों और आम जनता से मुलाकात

कोलकाता, 24 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता में हुगली नदी के तट पर समय बिताया और मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हर बंगाली के लिए गंगा का विशेष महत्व है और यह नदी बंगाल की आत्मा में बहती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "हर बंगाली के लिए गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है। यह कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बसती है। इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने साथ समेटे हुए है। आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया। यह मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर था।"

इस दौरान उन्होंने हुगली के किनारे नाविकों और सुबह टहलने वाले लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "मुझे नाव चलाने वालों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी कड़ी मेहनत की प्रवृत्ति सराहनीय है। और सुबह सैर करने वालों से भी मुलाकात हुई। हुगली नदी के तट पर, मैंने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।"

हुगली नदी के भ्रमण के दौरान पीएम मोदी हाथ में कैमरा थामे हुए थे। उन्होंने हुगली के तट से भी कुछ और शेयर कीं, जहां वे लोगों से मिलते हुए नजर आए। पीएम मोदी ने नदी के तट पर घूमने वाले लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।

इस दौरान उन्होंने नदी की फोटोग्राफी करने का भी प्रयास किया और विद्यासागर सेतु व हावड़ा ब्रिज का करीब से नजारा देखा। पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "मैंने इस नदी की तस्वीरें खींचने की भी कोशिश की। साथ ही मुझे विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज की भी करीब से झलक देखने को मिली।"

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दमदम और जादवपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे सुबह करीब 11.30 बजे दमदम पहुंचेंगे और बड़ी रैली करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे उनकी जादवपुर में रैली होगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement