गौतमबुद्ध नगर: कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की कार्रवाई, 7 कोचिंग सेंटर सील, 2 में मिलीं फायर सुरक्षा संबंधी खामियां

ग्रेटर नोएडा, 24 जून । गौतमबुद्ध नगर में संचालित कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और वैधता की जांच के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जो जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।

संयुक्त टीम में सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) को शामिल किया गया है।

बुधवार को टीम द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में संचालित कुल 46 कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान संस्थानों के पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों, अग्निशमन उपकरणों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दो कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं। इन संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं सात कोचिंग संस्थान ऐसे पाए गए जिनके पास आवश्यक पंजीकरण नहीं था। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने तत्काल प्रभाव से इन संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की।

अधिकारियों ने सभी कोचिंग संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे शासन द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, पंजीकरण और अन्य आवश्यक अनुमतियों से संबंधित सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर बिना पूर्व सूचना के संस्थान को सील किया जा सकता है, संचालन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है तथा संबंधित संचालकों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम के अनुसार जिन अन्य संस्थानों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गई हैं, उनके विरुद्ध भी नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से 9 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है, जबकि 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement