ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, राज्य के विकास पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 25 मई । ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसकी जानकारी पीएमओ ने दी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीएम मोदी और सीएम मोहन चरण माझी की मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। साथ ही पीएमओ ने पोस्ट में लिखा कि ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच ओडिशा के विकास और समृद्धि पर चर्चा हुई।

ओडिशा मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर ओडिशा के सर्वांगीण विकास और समृद्धि को लेकर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं।

सीएमओ ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, जो ओडिशा की जनता की सेवा में राज्य सरकार के दूसरे वर्ष के पूरा होने के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।

बता दें कि एक दिन पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को खुर्दा जिले के औद्योगिक पार्कों में स्थित प्रमुख विनिर्माण इकाइयों का दौरा किया था। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री माझी के दौरे ने रोजगार-प्रधान क्षेत्रों से लेकर उच्च-तकनीकी रणनीतिक विनिर्माण तक फैले सरकार के मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र समर्थन को उजागर किया।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले खुर्दा के कालीबेती औद्योगिक क्षेत्र में स्थित प्रमुख परिधान निर्माता ट्राइमेट्रो गारमेंट्स (ईपीआईसी समूह) का निरीक्षण किया। भारत में अपनी पहली उपस्थिति दर्ज कराते हुए कंपनी ने खुर्दा जिले में लगभग 376 करोड़ रुपए के निवेश से एक अत्याधुनिक सुविधा स्थापित की। परियोजना की आधारशिला 3 अप्रैल, 2025 को रखी गई थी और एक वर्ष से भी कम समय में इसका उद्घाटन हो गया।

बाद में मुख्यमंत्री माझी ने बाद में रणनीतिक रक्षा विनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली एनाड्रोन सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की मुंडांबा औद्योगिक पार्क सुविधा का दौरा किया। 96.86 करोड़ रुपए के निवेश और 165 लोगों के रोजगार की क्षमता वाली यह कंपनी उन्नत रक्षा प्रणालियों का निर्माण करती है। उन्होंने खुर्दा स्थित सुविधा में वर्तमान में निर्मित अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों, जिनमें हवाई लक्ष्य, लक्ष्य प्रक्षेपक और ट्रेलर, जमीनी सहायता उपकरण और जमीनी स्टेशन शामिल हैं, के संचालन की समीक्षा की और उनका प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement