दिल्ली में इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 5 करोड़ की कोकीन 2 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 26 अप्रैल । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल (आईएससी) ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस 2 आरोपियों के साथ करीब 500 ग्राम हाई-क्वालिटी कोकीन (क्रैंक) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह नशीला पदार्थ दिल्ली और एनसीआर इलाके में सप्लाई किया जा रहा था।

यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर सतेंद्र खारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें एसआई संदीप, विनीत, अमित, अर्जुन, एएसआई रंधीर, हेड कांस्टेबल सनोज और कांस्टेबल विकास की टीम शामिल थी। पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसीपी आर.एस. लांबा कर रहे थे।

10 अप्रैल 2026 को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गाजियाबाद राउंडअबाउट, दिल्ली के पास ड्रग्स की सप्लाई करने आने वाला है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और जावेद हुसैन (29 वर्ष) निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश को मौके से पकड़ लिया। उसके पास से 456 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई।

इस मामले में थाना क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई और आगे की जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी जावेद ने खुलासा किया कि यह नशा उसे बरेली के ही रहने वाले सोइब खान (25 वर्ष) से मिला था।

इसके बाद पुलिस ने जावेद को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की और 22 अप्रैल को स्थानीय पुलिस की मदद से बरेली में छापेमारी की। इस दौरान सप्लायर सोइब खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में पुलिस को कई अहम सुराग भी मिले हैं।

जावेद हुसैन दिल्ली की एक जींस फैक्ट्री में काम करता था, हालांकि दोनों ही आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। दोनों ही कम पढ़े-लिखे हैं और पहली बार इस तरह के गंभीर मामले में पकड़े गए हैं।

फिलहाल सोइब खान पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement