राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों को पुलिस ने अदालत में किया पेश, करीब 80 लाख रुपए बरामद
राम मंदिर में दान की चोरी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों को अदालत में पेश किया और बताया कि शुरुआती जांच में सभी आरोपियों के खिलाफ चोरी के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चढ़ावे के पैसे और जेवर चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

अयोध्या, 26 जून । राम मंदिर में दान की चोरी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों को अदालत में पेश किया और बताया कि शुरुआती जांच में सभी आरोपियों के खिलाफ चोरी के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चढ़ावे के पैसे और जेवर चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। जांच रिपोर्ट और ज्यूडिशियल रिमांड नोट में चंदे की चोरी, सीसीटीवी में कैद घटनाएं, अनियमितताएं, टिन्नू की जिम्मेदारियां और खामियों के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।
यह भी बताया गया है कि आरोपी मंदिर से कैश और ज्वेलरी अपने साथ ले जाते थे जिसमें टिन्नू समेत अनुकल्प, अविनाश, करुणेश, मनीष यादव, लवकुश और रमा शंकर मिश्र जैसे लोगों का नाम शामिल है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच अधिकारी ने अदालत को जानकारी दी कि अब तक 7 आरोपियों के पास से करीब 79.84 लाख रुपए की बरामदगी की जा चुकी है। यह बरामदगी उनकी निशानदेही पर हुई है, हालांकि 8वें आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पास से कोई रिकवरी नहीं हुई है और उसे साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है। टिन्नू कैश काउंटर, दान पेटी और नोट गिनने वाले हॉल की चाबियां अपने पास रखता था।
आरोपी अनुकल्प मिश्रा पर वाउचर बनाने की प्रक्रिया में गड़बड़ी करने और अपने बहनोई लव कुश मिश्रा के साथ मिलकर हेराफेरी करने का आरोप है। पुलिस ने लव कुश मिश्रा के घर से करीब 10 लाख रुपए बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि कई आरोपी सिफारिश के आधार पर नोट गिनने के काम में लगाए गए थे और ड्यूटी खत्म होने के बाद उनकी तलाशी भी नहीं ली जाती थी।
राम मंदिर में दान चोरी मामले को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और अब आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही, मंदिर से जुड़े दो पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दे दिया है।
Source: IANS

