दिल्ली के मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर सड़क हादसा, दो युवक की मौत

नई दिल्ली, 27 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर तेज गति से फ्लाईओवर पार कर रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक बाइक से उछलकर नीचे बह रहे नाले में जा गिरा।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। नाले में गिरे युवक की तलाश के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। दोनों शवों को कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एक छोटी सी गलती ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह की बताई जा रही है। मुकुंदपुर फ्लाईओवर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से हादसे की सही जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीम भी बना दी गई है और उन्हें जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है।

इसी बीच पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके से लूट की एक वारदात भी सामने आई है। यहां दो अज्ञात हमलावरों ने एक दुकानदार को बंदूक की नोक पर धमकाकर लूटपाट की। बताया जा रहा है कि आरोपी हेलमेट पहनकर आए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। पीड़ित के अनुसार, हमलावर दुकान में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter