युवा की मेहनत को सम्मान, प्रतिभा को अवसर और सपनों को मिले नई उड़ान, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित 201 लेखा परीक्षकों और 1,393 सहायक लेखाकारों समेत कुल 1,594 युवाओं को नियुक्ति-पत्र सौंपने से पहले उन्हें उज्ज्वल भविष्य की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
लखनऊ, 27 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित 201 लेखा परीक्षकों और 1,393 सहायक लेखाकारों समेत कुल 1,594 युवाओं को नियुक्ति-पत्र सौंपने से पहले उन्हें उज्ज्वल भविष्य की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने कहा कि हर युवा की मेहनत को सम्मान, प्रतिभा को अवसर और सपनों को नई उड़ान मिले, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनके लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। इसी संकल्प के साथ आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश (वित्त विभाग) के अंतर्गत नवचयनित 201 लेखा परीक्षकों और 1,393 सहायक लेखाकारों सहित कुल 1,594 युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए जाएंगे।"
सीएम योगी ने अपने पोस्ट में लिखा, "हर युवा की मेहनत को सम्मान, प्रतिभा को अवसर और सपनों को नई उड़ान मिले, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प है।" इसके साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा, "वर्ष 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद ने युवाओं के विश्वास को चोट पहुंचाई थी।"
इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को 46,800 छात्रों को टैबलेट बांटेंगे। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "लखनऊ में युवाओं के परिश्रम को नियुक्ति का सम्मान मिलेगा, तो जनपद गोंडा में 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' के अंतर्गत गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती के 46,800 विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट प्रदान कर उनके सपनों को डिजिटल सामर्थ्य मिलेगा।"
उन्होंने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, "सभी नवचयनित युवाओं को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की अग्रिम शुभकामनाएं।"
इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए थे।
Source: IANS