दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों को सीएम रेखा गुप्ता की सख्त चेतावनी: किताबें-यूनिफॉर्म कहीं से भी खरीदने की आजादी, दबाव पर कार्रवाई तय
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी केवल तय दुकानों या विक्रेताओं से खरीदने के दबाव को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल को ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नई दिल्ली, 30 अप्रैल। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी केवल तय दुकानों या विक्रेताओं से खरीदने के दबाव को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल को ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सीएम ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि किसी स्कूल द्वारा अभिभावकों पर इस तरह का दबाव बनाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर स्कूल के अधिग्रहण (टेकओवर) तक की कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों को यह पूरी स्वतंत्रता होनी चाहिए कि वे अपने बच्चों के लिए किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी कहीं से भी खरीद सकें। स्कूल केवल सुझाव दे सकते हैं, लेकिन किसी भी प्रकार की बाध्यता स्वीकार्य नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि सभी निजी स्कूल अपने नोटिस बोर्ड, आधिकारिक वेबसाइट और यदि कोई स्कूल स्टोर है तो वहां भी स्पष्ट रूप से यह जानकारी प्रदर्शित करें कि अभिभावक स्वतंत्र रूप से खरीदारी कर सकते हैं।
रेखा गुप्ता ने कहा कि यह व्यवस्था बिना किसी अपवाद के लागू की जाएगी और किसी भी तरह की मनमानी या दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभिभावकों से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसी आधार पर यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका स्कूलों में निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि नियमों को जमीनी स्तर पर लागू कराने की ठोस कार्रवाई है।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता या दबाव की जानकारी सीधे सरकार को दें। उन्होंने कहा कि जहां भी शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
रेखा गुप्ता ने अंत में कहा, “दिल्ली को बेहतर बनाना हमारी जिम्मेदारी है। मेरी दिल्ली, मेरी जिम्मेदारी।”
Source: IANS

