एग्जिट पोल: असम में तीसरी बार 'कमल' खिलने के संकेत, इतनी सीटें मिलने का अनुमान

नई दिल्ली, 30 अप्रैल । पूर्वोत्तर राज्य असम में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव को लेकर टुडेज चाणक्य का एग्जिट पोल सामने आया है। इस एग्जिट पोल में असम में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की सरकार बनती नजर आ रही है।

टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 102 से 111 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस गठबंधन के खाते में लगभग 23 से 32 सीटें आ सकती हैं। इसके साथ ही अन्य को भी एक से दो सीटें मिलने की उम्मीद है।

अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 50 से 53 प्रतिशत वोट मिलने की बात कही जा रही है। इसके साथ ही कांग्रेस गठबंधन 38 से 41 प्रतिशत सीट हासिल कर सकता है। वहीं, अन्य के खाते में 12 से 15 प्रतिशत वोट जा सकता है।

वहीं, शाइनिंग इंडिया के सर्वे में भाजपा को 126 में से 88 प्लस सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। कांग्रेस को लगभग 31 सीटें, यूडीएफ को लगभग 4, और अन्य को 3 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। 19 सीटों पर नजदीकी मुकाबला बताया गया है।

शाइनिंग इंडिया के सर्वे के अनुसार, अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो भाजपा को 45.8 प्रतिशत मिल सकता है। वहीं, कांग्रेस को 37.5 प्रतिशत, यूडीएफ को 3.6 प्रतिशत, और अन्य को 8.9 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं, जबकि 4.2 प्रतिशत वोटों को साइलेंट बताया गया है।

बता दें कि असम में 9 अप्रैल को 126 सीटों पर एक चरण में मतदान हुआ था। चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था, और मतदान प्रतिशत 85.38 दर्ज किया गया। हालांकि, राज्य में हुए भारी मतदान को कांग्रेस ने बदलाव बताते हुए जीत का संकेत दिया था।

अगर पिछले विधानसभा चुनाव 2021 के नतीजों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने 126 में से 60 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, कांग्रेस ने 29 सीटें हासिल की थीं। इस तरह से भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को कुल 76 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन को 49 सीटें मिली थीं। राज्य में बहुमत का जादुई आंकड़ा 64 है।

असम विधानसभा चुनाव से जुड़े ये आंकड़े केवल सर्वेक्षण और अनुमान पर आधारित हैं और इनका चुनावी नतीजों से कोई सरोकार नहीं है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होंगे, जिसके बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement