दिल्ली शाहदरा में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहदरा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने करीब 1.944 किलो गांजा बरामद किया है।

नई दिल्ली, 30 अप्रैल। दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहदरा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने करीब 1.944 किलो गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई विवेक विहार और फर्श बाजार थानों की टीमों द्वारा की गई, जिसमें लगातार दो दिनों तक चलाए गए ऑपरेशन में तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
पहली कार्रवाई 29 अप्रैल को विवेक विहार थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर इलाके में हुई, जहां पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान उसके बैग से 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गौरव गुप्ता उर्फ कालिया (25) के रूप में हुई है, जो शाहदरा का रहने वाला है और पहले से 12 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
दूसरी कार्रवाई 28 अप्रैल की रात फर्श बाजार इलाके में की गई, जहां गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यवहार के चलते एक व्यक्ति को पकड़ा। उसके पास से 779 ग्राम गांजा मिला। आरोपी निजामुद्दीन उर्फ टोनू (36) है, जिसके खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तीसरी घटना में 29 अप्रैल की रात भोलानाथ नगर क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास पुलिस ने एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 515 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी मुकेश, शाहदरा का निवासी है और उसके खिलाफ पहले भी पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source: IANS

