एग्जिट पोल पर ममता बनर्जी का बड़ा आरोप, कहा– दबाव और पैसे लेकर जारी किए गए अनुमान

कोलकाता, 30 अप्रैल। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल वास्तव में दबाव में और कथित तौर पर पैसे लेकर तैयार किए गए थे।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में यह बातें कही। उनके अनुसार, इन एग्जिट पोल का उद्देश्य शेयर बाजार को प्रभावित होने से बचाना और 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर करना था।

ममता बनर्जी ने कहा कि उनके पास ऐसी जानकारी है कि एग्जिट पोल के आंकड़े पहले से ही मीडिया संस्थानों को भेज दिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि वास्तविक स्थिति में तृणमूल कांग्रेस को अपेक्षा से अधिक सीटें मिलने की संभावना है, जिससे विरोधियों की रणनीति विफल हो जाएगी।

अपने संदेश में उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारी गर्मी और दबाव के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में काम किया और कथित अत्याचारों का सामना किया। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता ने मतदान के जरिए अपना फैसला दे दिया है।

ममता बनर्जी ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर भी अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए और केवल भरोसेमंद लोगों को ही मतगणना एजेंट बनाया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं स्थिति पर नजर रखेंगी और मतगणना केंद्रों की निगरानी करती रहेंगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि मतगणना पूरी होने तक केंद्रों पर बने रहें और किसी भी परिस्थिति में लापरवाही न बरतें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement