राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और गृह मंत्री समेत कई नेताओं ने सरदार पटेल

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर । सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। शनिवार सुबह सभी नेता नई दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर पहुंचे, जहां उन्होंने पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 151वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में सरदार पटेल को पुष्पांजलि भी अर्पित की।

राष्ट्रीय एकता दिवस के शुभकामना संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, "'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी और आधुनिक भारत के प्रमुख शिल्पकार के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश के एकीकरण और सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। देश की एकता और अखंडता में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में उनकी जयंती को हम 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मनाते हैं। मेरी कामना है कि उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी देशवासी विकसित भारत के निर्माण हेतु संकल्पबद्ध होकर कार्य करें।"

इसी तरह, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

उपराष्ट्रपति ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "नई दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर, भारत के 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दिन को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मनाया जाता है। सरदार पटेल का असाधारण जीवन और उनकी विरासत, राष्ट्रीय एकता, अटूट संकल्प और निस्वार्थ सेवा की शक्ति का एक स्थायी प्रमाण है।"

उन्होंने कहा, "इस महत्वपूर्ण अवसर पर, देश राष्ट्र-निर्माण में उनके महान योगदान को कृतज्ञता के साथ याद करता है और उस महान दूरदर्शी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है, जिनकी विरासत आज भी एकता और प्रगति की दिशा भारत की यात्रा का मार्गदर्शन कर रही है।"

गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पटेल चौक पर वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

शाह ने 'एक्स' पर लिखा, "आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन व समस्त देशवासियों को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं। सरदार साहब ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी और अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार दिया। खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष जनसेवा और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है।"

उन्होंने आगे लिखा, "राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले सरदार साहब का त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम हर एक देशवासी को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter