'देश आगे बढ़ रहा, झूठ पीछे छूट रहा', पीएम मोदी की 'नाराज फूफा'

नई दिल्ली, 6 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विपक्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'नाराज फूफा' वाली टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पीएम मोदी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि देश आगे बढ़ रहा है, जबकि झूठ पीछे छूट रहा है।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) में जो कुछ भी कहा, वह बहुत प्रेरणादायक भाषण था। इसके जरिए हमारी युवा पीढ़ी को 2013-2014 से पहले देश में मौजूद कई सच्चाइयों के बारे में पता चला, जिनका जिक्र प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में किया। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री ने जिस तरह से युवाओं से बातचीत की और युवाओं की ओर से जो जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, वह बहुत सकारात्मक थी।"

खंडेलवाल ने आगे कहा, "चाहे 'दिमागी नक्सलियों' की सोच पर बात करना हो या एसआरसीसी में तुलनात्मक रिपोर्ट कार्ड पेश करना हो। प्रधानमंत्री मोदी के पद संभालने से पहले भारत कहां था और बाद में आज देश कहां है, जब इसकी तुलना की गई तो लोगों को पता चला कि वास्तव में पिछले 12 सालों में विकास तेजी के साथ हुआ है।"

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "निराशा और झूठ फैलाने वालों का शोर कुछ समय तक रह सकता है, लेकिन तथ्य और नतीजे खुद अपनी कहानी कहते हैं। देश आगे बढ़ रहा है, जबकि झूठ पीछे छूट रहा है।"

उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी की पहली अग्रिम अनुमानित वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही, जो विश्व में सबसे अधिक है। चीन की वृद्धि दर लगभग 4 प्रतिशत, जबकि अमेरिका की उससे भी कम रही है। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत कहां से कहां पहुंच रहा है। इसलिए झूठ पीछे छूट रहा है और देश आगे बढ़ रहा है।

वहीं, जदयू प्रवक्ता श्याम रजक ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करता हूं। वे देश के विकास के लिए सतत प्रगतिशील ही नहीं, बल्कि सतत चिंतित भी रहते हैं। हालांकि, देश उन्हें देखता है और इसलिए उनकी भाषा भी देश के नेतृत्वकर्ता की तरह होनी चाहिए। मेरा आग्रह होगा कि वे संयमित ढंग से और धैर्य रखते हुए प्रतिक्रिया व्यक्त करें।"

इससे पहले, शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा और उसे 'नाराज फूफा' बताया। उन्होंने कहा, "आपको दो तरह के लोग मिलेंगे। एक वो लोग, जो पॉजिटिव तरीके से समाज की शक्ति को राष्ट्र की शक्ति में बदलते हैं। दूसरी प्रजाति उन लोगों की है, जो कोई भी काम शुरू होने पर 'नाराज फूफा' बन जाते हैं, उनका फेवरेट काम होता है, हर काम का विरोध करना। इनका एक ही डायलॉग होता है, इसकी क्या जरूरत है?" पीएम मोदी शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter