'जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश', सपा मुख्यालय के बाहर लगा नया

लखनऊ, 10 सितंबर । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सभी पार्टियां अभी से अपनी-अपनी रणनीतियां बनाने में जुट गई हैं और इस बार सबका फोकस है युवा वोटरों यानी 'जेन-जी' पर। इस बीच गुरुवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर लगाए गए एक पोस्टर ने नई चर्चा छेड़ दी है।

समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगाया गया है, जिस पर लिखा है - "जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश।" जानकारी के अनुसार, सरोजिनी नगर विधानसभा से केशव प्रसाद रावत ने यह पोस्टर लगवाया है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी की नजर अब नई पीढ़ी पर है। हाल ही में उन्होंने जेन-जी तक पहुंचने के लिए कॉलेज, यूनिवर्सिटी और हॉस्टल्स में दो हफ्ते के छात्र जागरूकता अभियान की बात कही है।

दरअसल, बीते मंगलवार को पार्टी ऑफिस में समाजवादी छात्र सभा के लिए नई ड्रेस भी लॉन्च की गई। इस दौरान छात्रसभा के कार्यकर्ता नीली टीशर्ट, नीली जींस और लाल टोपी में नजर आए। अब यही ड्रेस समाजवादी छात्रसभा की ऑफिशल ड्रेस होगी।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा, "नीला रंग युवाओं का रंग है, नई पीढ़ी का रंग है, बहुजन समाज का रंग है, अन्याय के खिलाफ लड़ाई का रंग है। नीला रंग बहुजन समाज के साथ आइडियॉलजी का भी है। नई पीढ़ी की नई सोच होती है।"

अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी अब नई पीढ़ी के छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत दो सप्ताह के छात्र जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसमें कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में जाकर युवाओं के मुद्दों को सुना और उठाया जाएगा।

गौरतलब है कि सिर्फ समाजवादी पार्टी ही नहीं बल्कि कांग्रेस और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी उत्तर प्रदेश के युवाओं और जेन-जी वोटरों को साधने के लिए अलग-अलग अभियान चला रही हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter