भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर तंज, बोले- कुछ लोग भागने के लिए बने हैं

नई दिल्ली, 11 मार्च। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भागने के लिए बने होते हैं, भाग लेने के लिए नहीं। भाजपा सांसद का इशारा इस ओर था कि जब भी सदन में कुछ महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होती है तो राहुल गांधी सदन से बाहर चले जाते हैं। 

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का बर्ताव सदन के बाहर और अंदर भी देखा है। मुझे लगता है कि राहुल गांधी के लिए कोई नियम नहीं है। इनका आचरण कहीं से भी स्वीकार करने योग्य नहीं है। झूठ कहना तो इनकी फितरत है। कहते हैं कि सदन के अंदर बोलने नहीं दिया जाता है। जब राहुल गांधी को नियमानुसार समय मिलता है तो वह भाग जाते हैं। कुछ लोग भागने के लिए बने हैं, भाग लेने के लिए नहीं।

भाजपा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि सदन का समय बर्बाद करना कांग्रेस का बस इतना काम रह गया है। इनके पास कोई तथ्य नहीं है। जिस मुद्दे को उठाते हैं, उस पर खुद अपने मुंह के बल गिर जाते हैं। यह सारी डिबेट लोगों के बीच में जा रही है। आप लोकसभा स्पीकर को हटा नहीं सकते हैं, इसका मतलब है कि संसद प्रणाली को ठप करने के लिए लगे रहेंगे। इनके पास न नीति है और न ही नियत है। निचले पायदान पर कांग्रेस आ चुकी है।

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आरोप लगाती है, लेकिन जब सच सुनने की बारी आई तो हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को बोलने नहीं दिया। देश ने देखा है कि कैसे राहुल गांधी पार्लियामेंट में नहीं आते, विदेश में रहते हैं, और नियमों के हिसाब से बात नहीं करते।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी और विपक्ष लोकसभा की गरिमा को कमजोर करने की पूरी साजिश नाकाम हो गई। राहुल गांधी नाटक करते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता है। आंकड़ों से अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया कि उन्हें कितना समय मिलता है, क्योंकि राहुल गांधी को नियम से बोलना नहीं आता है और नियम का पालन नहीं करते हैं। अमित शाह ने बहुत विस्तार से जवाब दिया। कांग्रेस पार्टी को इतनी हिम्मत भी नहीं कि शांति से वोटिंग कराए। पुनः ओम बिरला को सौम्यता का अभिनंदन करता हूं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement