ब्रिक्स सम्मेलन 2026: दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी,

नई दिल्ली, 11 सितंबर । 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन इस बार नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। कई प्रमुख स्थान भी अगले तीन बंद रहेंगे, जिसमें राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान को शुक्रवार से रविवार तक विजिटर्स के लिए बंद रखा गया है। एक अधिकारी ने बयान में कहा कि शनिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में 'चेंज ऑफ गार्ड' (गार्ड परिवर्तन) सेरेमनी भी नहीं होगी।

यह कदम ब्रिक्स प्रतिनिधियों को होने वाली परेशानी कम करने और शिखर सम्मेलन स्थल के आसपास के इलाकों में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाकर सड़कों पर भीड़ कम करने की कोशिश का हिस्सा है।

इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो ने भी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित अपने म्यूजियम को शुक्रवार से तीन दिनों तक बंद रखने का फैसला किया है। वहीं, दिल्ली सरकार ने पहले ही 11 सितंबर को अपने कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा की है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने भी उस दिन केंद्र सरकार के कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा करते हुए एक आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है।

शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर एक ट्रैफिक एजवाइजरी जारी की। इसमें बताया गया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली के मुख्य रास्तों पर दोपहर 2 बजे से रात 8.30 बजे तक ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा और आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।

पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट (खासकर मेट्रो) का इस्तेमाल करें और तय डायवर्जन रूट व ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं वाली गाड़ियों को निकलने में प्राथमिकता दी जाएगी।

इससे पहले, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अदालतों में आधिकारिक कामकाज और कानूनी मामलों की तारीखों में बदलाव के बारे में लोगों को जानकारी दी थी। पुलिस एडवाइजरी में कहा गया कि अदालतों में 12 सितंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत अब 10 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, निचली अदालतों में 11 और 12 सितंबर को छुट्टी रहेगी, इसलिए इन दो तारीखों के लिए निर्धारित मामलों की 14 सितंबर को सुनवाई होगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों और कैब चालकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर उन रास्तों के लिए जारी एडवाइजरी को देख लें, जहां आवाजाही पर रोक रहेगी।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और प्रिंट मीडिया के जरिए जनता के साथ एडवाइजरी शेयर की जा रही हैं, ताकि आवाजाही के दौरान लोगों को कोई परेशानी न हो।

उन्होंने कहा, "हमने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं, जिनके तहत हम तय पॉइंट्स से ट्रैफिक को डायवर्ट करेंगे। हमने अपने स्टाफ को भी निर्देश दिए हैं कि वे जहां भी जरूरत हो, लोगों को डायवर्ट किए गए रास्तों के बारे में जानकारी दें।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter