भारत को अपनाया, दुखों के बाद भी नहीं छोड़ा देश; रोहित पवार ने सोनिया गांधी की किताब की सराहना की
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) नेता और विधायक रोहित पवार ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के जीवन पर आधारित पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के प्रकाशन पर भावुक होकर उनकी सराहना की है।
मुंबई, 11 नवंबर । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) नेता और विधायक रोहित पवार ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के जीवन पर आधारित पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के प्रकाशन पर भावुक होकर उनकी सराहना की है। उन्होंने 21 वर्ष की कम उम्र में भारत को अपनाने और संघर्षों का सामना करने के उनके व्यक्तित्व को याद किया।
रोहित पवार ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के जरिए जब पाठक उनके जीवन के सफर को पढ़ते हैं, तो मेरे विचार राजनीति से परे जाकर एक संवेदनशील, मज़बूत और साहसी इंसान के जीवन की ओर मुड़ जाते हैं।"
उन्होंने कहा, "महज 21 साल की कम उम्र में उन्होंने (सोनिया गांधी) इटली में अपना घर, प्रियजनों और अपनी जानी-पहचानी हर चीज को पीछे छोड़ दिया और भारत में एक नए अध्याय की शुरुआत की। उन्होंने इस देश को अपनाया और इसे अपना बना लिया। हांलाकि, उनके जीवन के सफर में दो बेहद दुखद व्यक्तिगत घटनाएं हुईं, 1984 में इंदिरा गांधी और 1991 में राजीव गांधी की हत्या हो गई। इतने गहरे व्यक्तिगत नुकसान सहने के बावजूद उन्होंने भारत छोड़कर अपने वतन वापस जाने का विकल्प नहीं चुना। इसके बजाय उन्होंने इस देश के साथ अपना रिश्ता और मजबूत किया और खुद को सार्वजनिक जीवन और सेवा के लिए समर्पित कर दिया। भारी मुश्किलों के सामने डटे रहने का उनका संकल्प वाकई प्रेरणादायक है।"
रोहित पवार ने अपने एक्स पोस्ट में सोनिया गांधी से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा, "इस साल, मुझे उनकी करुणा और संवेदनशीलता को करीब से देखने का मौका मिला। जब मैं संसद में उनसे मिला और अजित दादा के दुखद विमान हादसे की निष्पक्ष जांच के लिए उनका समर्थन मांगा, तो उन्होंने सिर्फ हमारी बात सुनी ही नहीं बल्कि हमारे दर्द को ऐसे समझा जैसे हम उनके अपने परिवार का हिस्सा हों। उन्होंने हमारी मांग का पूरा समर्थन किया। उस मुलाकात ने मेरे इस विश्वास को और पक्का कर दिया कि जिसने खुद ऐसी ही व्यक्तिगत त्रासदियां झेली हों, वही दूसरे व्यक्ति के दर्द को इतनी गहरी संवेदना और संवेदनशीलता के साथ समझ सकता है।"
रोहित पवार ने सोनिया गांधी के संघर्षों और व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा, "सोनिया का जीवन सफर केवल एक व्यक्ति के संघर्षों की कहानी नहीं है, बल्कि यह भारत की उदार, समावेशी और संवेदनशील संस्कृति का भी प्रतिबिंब है। एक ऐसी संस्कृति जो मानवता को सबसे ऊपर रखती है। अंततः, किसी व्यक्ति की असली पहचान उन रिश्तों से बनती है, जिन्हें वह संजोता है, उन चुनौतियों से बनती है जिनका वह सामना करता है और दूसरों के दुख के समय वह जिस मानवीय संवेदना का परिचय देता है, उससे बनती है। सोनिया गांधी का जीवन सफर मानवीय मूल्यों के इस शाश्वत संदेश को बहुत खूबसूरती से पुष्ट करता है।"
एनसीपी (एसपी) नेता ने कहा, "'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के प्रकाशन पर हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि यह पुस्तक देश भर के उन लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो सोनिया गांधी, गांधी-नेहरू परिवार और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रति गहरा सम्मान, स्नेह और अटूट निष्ठा रखते हैं।"
Source: IANS