पंजाब की जनता भाजपा को दे एक मौका, हम लाएंगे असली बदलाव : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब पहुंचे, जहां उन्होंने मोगा जिले में आयोजित ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया।

मोगा, 14 मार्च। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब पहुंचे, जहां उन्होंने मोगा जिले में आयोजित ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया। उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार पंजाब में भाजपा को मौका मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, अकाली और आम आदमी पार्टी को कई मौके दिए गए और भाजपा को एक मौका दीजिए और वह पंजाब में बदलाव लाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि लोग आम आदमी सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में ओडिशा, असम, मणिपुर, त्रिपुरा और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा, अब पंजाब की बारी है। आम आदमी पार्टी बदलाव का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन मैं आम आदमी पार्टी के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आपके मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल को देशभर में जहां भी जाना होता है, वे पंजाब सरकार के खर्चे पर हवाई जहाज से यात्रा करते हैं जबकि यहां के मुख्यमंत्री ने इसके अलावा कुछ नहीं किया है।
शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 25 लाख नौकरियों, नशामुक्त पंजाब और सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का वादा किया था लेकिन वह सभी वादों पर खरी नहीं उतरी।
उन्होंने कहा, "यह झूठे वादों की सरकार है, जो भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और घोटालों में लिप्त है। यह पंजाब का कभी भला नहीं कर सकती।"
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अरविंद केजरीवाल के लिए एक "एटीएम" बनकर रह गई है। उन्होंने कहा, "अगर कोई नशीले पदार्थों के व्यापार को रोक सकता है, तो वह सिर्फ भाजपा ही है।"
अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत धार्मिक और देशभक्तिपूर्ण नारों से करते हुए शाह ने नौवें सिख गुरु तेग बहादुर को उनकी शहादत की 350वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा पंजाब की जनता को "छोटे भाई" मानकर उनसे आशीर्वाद मांगती है।
शाह ने कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में लड़कर सरकार बनाएगी और उन्होंने माताओं, बहनों व बुजुर्गों से पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा, "अगर कोई पंजाब को नशे से मुक्त कर सकता है और युवाओं को रोजगार प्रदान कर सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही है।"
Source: IANS

