ठाणे हादसे के बाद सरकार की बड़ी कार्रवाई, सभी गैरकानूनी होर्डिंग्स हटाने और बड़े विज्ञापनों के स्ट्रक्चरल ऑडिट का आदेश
महाराष्ट्र के ठाणे में हुई होर्डिंग दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने ठाणे के नगर आयुक्त को फौरन तलब कर शहर में लगे सभी अवैध (अनाधिकृत) होर्डिंग्स को अविलंब हटाने के निर्देश दिए हैं।

ठाणे, 14 जुलाई । महाराष्ट्र के ठाणे में हुई होर्डिंग दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने ठाणे के नगर आयुक्त को फौरन तलब कर शहर में लगे सभी अवैध (अनाधिकृत) होर्डिंग्स को अविलंब हटाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने शहर के सभी बड़े होर्डिंग्स का तत्काल संरचनात्मक (स्ट्रक्चरल) ऑडिट कराने का भी आदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के समय तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण इस तरह के हादसे दोबारा न हों, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो होर्डिंग खतरनाक स्थिति में हैं या बिना अनुमति लगाए गए हैं, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे अवैध होर्डिंग लगाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
उपमुख्यमंत्री के आदेश के तुरंत बाद नगर प्रशासन हरकत में आ गया। प्रशासन ने सोमवार रात से ही शहरभर में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत अवैध होर्डिंग्स की पहचान कर उन्हें हटाने और बड़े विज्ञापन ढांचों की सुरक्षा जांच की जा रही है।
बता दें कि ठाणे में हाल ही में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (तीन हाथ नाका) पर एक बड़ी होर्डिंग/बैनर दुर्घटना हुई है, जिसमें एक बाइक सवार पर फुटओवर ब्रिज से एक बैनर गिर गया। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, होर्डिंग दुर्घटनाएं बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकती हैं। तेज हवा, भारी बारिश या समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण लोहे के विशालकाय होर्डिंग अचानक गिर जाते हैं। ऐसे हादसों में सड़क से गुजर रहे लोग और वाहन पलभर में इसकी चपेट में आ सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, कई विज्ञापन होर्डिंग कई टन वजन के होते हैं और सैकड़ों फीट ऊंचाई तक लगाए जाते हैं। इनके गिरने से नीचे खड़े वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। यदि आसपास पेट्रोल पंप या अन्य संवेदनशील स्थान हों, तो आग लगने जैसी गंभीर स्थिति भी पैदा हो सकती है। ऐसे हादसों में कई लोगों की मौके पर ही मौत हो जाती है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं।
Source: IANS

