भगवान श्री गणेश सभी के जीवन में सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि

नई दिल्ली, 14 सितंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उपराष्ट्रपति, रक्षा मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ने भी देशवासियों के विघ्न दूर करने की कामना भगवान गणेश से की है।

राष्ट्रपति ने जारी संदेश में कहा, "गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मैं देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं। गणेश चतुर्थी का उत्सव हमारे जीवन में ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मकता का संचार करता है। यह पावन पर्व हमें जीवन में नए संकल्पों के साथ प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है।"

राष्ट्रपति ने आगे कहा, "मैं मंगलकामना करती हूं कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन में सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार करें। हम सब राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें।"

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पोस्ट में कहा, "गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान गणेश, जो विघ्नहर्ता और ज्ञान के प्रतीक हैं, सभी को शांति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दें और हमें विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ हर बाधा को पार करने की प्रेरणा दें।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश जी की आराधना के पावन पर्व गणेश चतुर्थी की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान गणेश जी ज्ञान, विवेक, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं। यह पावन पर्व हमें अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने तथा समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। विघ्नहर्ता श्री गणेश जी से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन से विघ्नों को दूर करें और देश को सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रगति का आशीर्वाद प्रदान करें। गणपति बप्पा मोरया! मंगलमूर्ति मोरया!"

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर पोस्ट किया, "विघ्नहर्ता, मंगलमूर्ति भगवान श्री गणेश जी की आराधना के पावन पर्व गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्री गणेश जी से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन से विघ्न-बाधाएं दूर कर सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें। उनका आशीर्वाद राष्ट्र की प्रगति और जनकल्याण के हमारे संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करे। आइए, इस पावन अवसर पर हम ज्ञान, विवेक और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लें। प्रथम पूज्य गजानन से विश्व बंधुत्व के भाव से सभी के शुभ-लाभ की कामना गणपति बप्पा मोरया!"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter