प्रधानमंत्री मोदी के 25 सालों के कामों को लोगों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी, जनसेवा में जुटेगा हर कार्यकर्ता: भाजपा नेता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है।

नई दिल्ली, 16 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के समर्पित सार्वजनिक सेवा के 25 सालों में किए गए उनके कामों को लोगों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "पूरा देश इस समय 'सेवा संकल्प अभियान' के साथ जुड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को हम सभी सेवा के रूप में मना रहे हैं और पूरे देश में एक-एक कार्यकर्ता जन-जन की सेवा के लिए जुटेगा।"
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा, "17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हम उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर देश की सेवा की है। उन्होंने लोगों की जिंदगी बदलने के लिए काम किया है और दुनिया भर में देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। समर्पित सार्वजनिक सेवा के इन 25 सालों में किए गए उनके कामों को लोगों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।"
भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने कहा, "हमारे देश के प्रधानमंत्री, भारत नहीं पूरी दुनिया में सबके फेवरेट प्रधानमंत्री का जन्मदिन है, मैं आपके माध्यम से उनको बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। इस बार हम लोग दीया जलाने का काम कर रहे हैं, इसी के साथ-साथ एयरपोर्ट पर लाइब्रेरी बन रही है, उसमें 200 किताबें डोनेट कर रहे हैं और सरकारी स्कूल में मिठाइयां और चॉकलेट भी डिस्ट्रीब्यूट करा रहे हैं।"
वहीं, दिल्ली भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "हमारी तैयारियों के साथ-साथ, मुझे लगता है कि पूरा देश भी तैयार है। 17 सितंबर को नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन है और इस मौके पर हम 'आशीर्वाद का दीया' जलाएंगे। हमारे परिवार के सभी बच्चे भी दीया जलाएंगे।"
मनोज तिवारी ने कहा कि मेरा मानना है कि देश का हर वो व्यक्ति जिसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जिसने जन धन योजना के तहत खाता खुलवाकर सुरक्षा पाई है, जिसे घर पर नल से पानी मिला है, जिसे आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है या जिसने सुकन्या योजना का लाभ उठाया है, वह मोदी जी के जन्मदिन पर आशीर्वाद का दीया जलाएगा।
उन्होंने कहा, "मैं अपने देश के युवा, माता-बहनें और किसानों, सभी से प्रार्थना करता हूं कि आप भी 17 सितंबर की शाम को 'आशीर्वाद का दीया' जलाएं और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी आयु की कामना करें।"
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर, अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा, "मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं और उनके लंबे जीवन की कामना करता हूं। उनके नेतृत्व में देश तरक्की करता रहे और आगे बढ़ता रहे, और वे हमारा मार्गदर्शन करते रहें।"
Source: IANS

