एसआईआर प्रक्रिया के तहत अरविंद केजरीवाल और परिवार के पांच सदस्यों को नोटिस, आप ने भाजपा पर साधा निशाना
दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उनके परिवार के पांच सदस्यों को नोटिस जारी किया है।

नई दिल्ली, 19 सितंबर । दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उनके परिवार के पांच सदस्यों को नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2002 के मतदाता रिकॉर्ड से संबंधित मैपिंग नहीं मिलने के आधार पर यह नोटिस भेजा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी नोटिस अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, बेटे पुलकित केजरीवाल, पिता गोविंद राम केजरीवाल और माता गीता देवी के नाम जारी किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली चुनाव आयोग इस मामले में जल्द ही आधिकारिक जवाब भी जारी कर सकता है।
इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि आप पहले दिन से कह रही है कि यह एसआईआर नहीं, बल्कि बीजेपी का खेल है।
उन्होंने आरोप लगाया, "इनका बस चले तो ये सिर्फ नरेंद्र मोदी और अमित शाह का ही वोट का अधिकार रखें और सभी विरोधियों के वोट काट दें। तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के वोट दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब करना कौन-सी प्रक्रिया है?"
फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
बता दें कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया था। इसके तहत अवैध वोटरों को मतदाता सूची से बाहर किया गया था।
Source: IANS

