सुनील जाखड़ बोले- 'पंजाब में गैंगस्टरों से डर रहे पुलिसकर्मी, सरकार

चंडीगढ़, 19 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नेता सुनील जाखड़ ने अमृतसर में एक एएसआई की हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया है कि पंजाब सरकार ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें पुलिसकर्मियों से अकेले यात्रा न करने और आते-जाते समय यूनिफॉर्म न पहनने की सलाह दी गई है।

भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पंजाब किस ओर जा रहा है? आजकल पंजाब में अपराधियों को पुलिस का डर नहीं रहा, बल्कि पुलिस ही गैंगस्टरों और गुंडों से डर रही है। अपराधियों के हाथों कई पुलिस अधिकारियों की हत्या के बाद माना जा रहा है कि पंजाब सरकार ने एक एडवाइजरी जारी की है, जो राज्य में कानून-व्यवस्था की असल तस्वीर दिखाती है।"

उन्होंने पोस्ट में लिखा, "इस एडवाइजरी में पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि वे अकेले यात्रा न करें, आते-जाते समय यूनिफॉर्म न पहनें, दो-पहिया वाहनों का इस्तेमाल न करें और हो सके तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा करें।

सोचने वाली बात है कि क्या यह वही पंजाब पुलिस है, जिसने राज्य से आतंकवाद का सफाया किया था?"

भाजपा की पंजाब इकाई ने शनिवार सुबह एक पोस्ट में लिखा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। अमृतसर में एक एएसआई की सरेआम हत्या यह दिखाती है कि राज्य में अपराधी कितने बेखौफ हो गए हैं। जब लोगों की सुरक्षा करने वाली पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? सरकार के 'रंगला पंजाब' के दावों की असलियत यह है कि यहां हर दिन गुंडागर्दी और खून-खराबे की घटनाएं हो रही हैं।"

बता दें कि अमृतसर में 18-19 सितंबर की दरमियानी रात ड्यूटी के दौरान एएसआई हरजीत सिंह की मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई, जब हमलावर अधिकारी के पास पहुंचे और बहुत करीब से उन पर कई गोलियां चलाईं। हमले के बाद हरजीत सिंह को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वह तरनतारन जिले के रहने वाले थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter