पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर गडकरी और सीएम भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर । देश के पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "पूर्व उपराष्ट्रपति और भाजपा के वरिष्ठ नेता भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर उन्हें सादर अभिवादन।"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए लिखा, "सादगी, नैतिकता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाला उनका जीवन भारतीय लोकतंत्र की दुर्लभ धरोहर है। शासन में पारदर्शिता और लोककल्याण को सर्वोच्च मानकर उन्होंने विकास का नया प्रतिमान रचा। उनका सम्पूर्ण जीवन एक ऐसी प्रेरक गाथा है, जो सदैव हम सभी का मार्गदर्शन करता रहेगा।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर लिखा, "भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत की 103वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। श्रद्धेय बाबोसा का सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और गरीबों व वंचितों के कल्याण के लिए किए गए कार्य सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पोस्ट किया, "भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनीति के शिखर पुरुष भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर उन्हें सादर नमन। सादगी, शुचिता और प्रखर नेतृत्व के प्रतीक शेखावत ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, गरीब कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास को समर्पित कर दिया। लोकतांत्रिक मूल्यों और लोक-कल्याण के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक रहेगा।"
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने लिखा, "भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और सुशासन के प्रति उनका आजीवन समर्पण सदैव हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्ट में लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सदस्य, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उनका जीवन देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।"
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी भैरोंसिंह शेखावत को नमन किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष तथा 'अंत्योदय' जैसी जनकल्याणकारी योजना के माध्यम से गरीबों और वंचितों के उत्थान हेतु किए गए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। संगठन के प्रति निष्ठा, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और जनसेवा के लिए समर्पित उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"
Source: IANS