राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं का संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना एकमात्र एजेंडाः जेपी नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली, 28 सितंबर । केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं का एकमात्र एजेंडा देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम और उन्हें कमजोर करना है।"
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, "आज जब 140 करोड़ भारतीय अपनी कड़ी मेहनत से विकसित भारत का संकल्प पूरा कर रहे हैं और दुनियाभर में भारत का नाम हो रहा है, तो दुख की बात है कि कांग्रेस और पूरा इंडी गठबंधन देश की इस तरक्की को देखकर निराश और हताश है। विपक्ष के सभी झूठे आरोप तथ्यों की कसौटी पर बार-बार गलत साबित हुए हैं। चुनाव आयोग से लेकर देश की सबसे बड़ी अदालतों तक, उनके हर झूठ की पोल खुल चुकी है। जब उनके पास कोई नीति या विजन नहीं होता, तो वे देश में भ्रम और अराजकता फैलाने के लिए नई-नई साजिशें रचते हैं। कुछ दिन पहले ही हमने देखा कि कैसे एक झूठी खबर पर पूरे देश में हंगामा खड़ा किया गया था। अब, जब चुनाव आयोग के सभी सदस्यों ने उनके लगाए हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है, तो वे फिर से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।"
राहुल गांधी कान खोलकर सुन लें! किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता और न ही सच कभी हारता है। राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी का एकमात्र एजेंडा देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और उन्हें कमजोर करना है।" यह वही 'टूलकिट मानसिकता' है जो देश के विकास को रोकने के लिए हर सुबह एक नई साजिश रचती है।
नड्डा ने कहा, "आरोप लगाना, देश का माहौल खराब करना और भाग जाना, विपक्ष का काम करने का यही तरीका बन गया है। उन्हें देश की सुरक्षा, जन-कल्याण या देश के सम्मान और प्रतिष्ठा की कोई परवाह नहीं है। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना है, लोगों की सेवा करना नहीं बल्कि परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देना और अपना निजी फायदा उठाना है। जनता ने अतीत में देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों को करारा सबक सिखाया है और भविष्य में भी ऐसा ही होगा। जनता की अदालत में उनकी हर गलतफहमी और साजिश चकनाचूर हो जाएगी।"
Source: IANS