नीट पेपर के चलते अस्थाई रोक के बाद टेलीग्राम की प्ले स्टोर पर फिर हुई वापसी

नई दिल्ली, 23 जून । मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम मंगलवार को फिर से गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हो गया है। नीट यूजी 2026 के दोबारा होने के चलते सरकार ने इस मैसेजिंग ऐप पर करीब एक हफ्ते के लिए एक अस्थाई रोक लगा दी थी।

सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुरोध पर 16 से 22 जून तक टेलीग्राम को अस्थायी रूप से ब्लॉक करने का आदेश दिया था। सरकारी एजेंसी का आरोप था कि संगठित नकल गिरोह इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल 21 जून को आयोजित नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को गुमराह करने और उनके साथ धोखाधड़ी करने के लिए कर रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल ऐप प्ले स्टोर पर आ गया है, लेकिन इस प्लेटफॉर्म के एडिट मैसेज फीचर पर रोक 30 जून तक जारी रहेगी। हालांकि, ऐप अभी एप्पल प्ले स्टोर पर नहीं आया है।

पिछले हफ्ते, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने नीट की दोबारा परीक्षा से पहले एहतियात के तौर पर भारत में टेलीग्राम को 22 जून तक ब्लॉक कर दिया था।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को कहा, "ये कदम उन चीटिंग रैकेट्स द्वारा प्लेटफॉर्म के संगठित इस्तेमाल के जवाब में उठाए गए हैं, जो 21 जून 2026 को होने वाली नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को धोखा देने की कोशिश कर रहे थे।"

शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले पूरे भारत में टेलीग्राम की सेवाओं को कुछ समय के लिए रोकने के केंद्र सरकार के फैसले को सही ठहराया।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के ब्लॉकिंग ऑर्डर को चुनौती देने वाली टेलीग्राम एफजेड एलएलसी की याचिका को खारिज करते हुए, जस्टिस तेजस करिया की सिंगल-जज बेंच ने कहा कि देशव्यापी मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम से जुड़े हालात को देखते हुए मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को 22 जून तक रोकना और उसके मैसेज-एडिटिंग फीचर को 30 जून तक बंद करना सही कदम है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement