टी20 वर्ल्ड कप: सिकंदर की कप्तानी पारी, जिम्बाब्वे ने साउथ अफ्रीका को दिया 154 रन का टारगेट

नई दिल्ली, 1 मार्च। साउथ अफ्रीका ने अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत के लिए 154 रन का टारगेट रखा है। 

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 153 रन बनाए। इस टीम की शुरुआत खराब रही। जिम्बाब्वे ने 1.2 ओवर में महज 14 के स्कोर पर तदिवानाशे मारुमानी (7) का विकेट खो दिया।

इसके बाद ब्रायन बेनेट ने डियोन मायर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 14 रन जुटाए। ब्रायन टीम के खाते में 15 रन का योगदान ही दे सके। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 1 चौका शामिल रहा।

इस टीम ने 28 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से मायर्स ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 38 रन की साझेदारी करते हुए जिम्बाब्वे को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे।

कप्तान सिकंदर ने क्लाइव मडांडे के साथ छठे विकेट के लिए 29 गेंदों में 39 रन जुटाते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सिकंदर ने 43 गेंदों में 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 73 रन बनाए। उनके अलावा, क्लाइव मडांडे ने 20 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए। मडांडे की इस पारी में 3 चौके शामिल रहे। क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि जॉर्ज लिंडे, लुंगी एनगिडी और एनरिक नॉर्त्जे ने 1-1 विकेट निकाला।

जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन: तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, क्लाइव मडांडे, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी।

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्जे, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement