विंबलडन: जेवरेव ने रॉयर को हराया, जीत के साथ बेरेटिनी और फेरी ने भी बनाई अगले दौर में जगह

लंदन, 3 जुलाई । नए फ्रेंच ओपन चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर जेवरेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विंबलडन 2026 के तीसरे दौर में जगह बना ली है। वहीं, इटली के माटेओ बेरेटिनी और मेजबान ब्रिटेन के युवा खिलाड़ी आर्थर फेरी ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर का टिकट हासिल किया।

जर्मनी के अलेक्जेंडर जेवरेव ने फ्रांस के वैलेंटिन रॉयर को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 7-6(3) से हराया। यह मुकाबला दो घंटे चार मिनट तक चला। जेवरेव ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और पहले दो सेट आसानी से अपने नाम कर लिए। तीसरे सेट में रॉयर ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन टाई-ब्रेक में जेवरेव ने बेहतर खेल दिखाते हुए मैच को अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद जेवरेव ने कहा कि लगभग ढाई सेट तक उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया। हालांकि, इसके बाद में उनका थोड़ा ध्यान भटका, जिसका उनके प्रतिद्वंद्वी ने फायदा उठाया। इसके बावजूद वह सीधे सेटों में जीत दर्ज करके खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब वह ऐसे दौर में पहुंच रहे हैं, जहां हर मैच में अपनी ऊर्जा बचाकर रखना जरूरी है। सीधे सेटों में जीतने से न केवल ताकत बचती है बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें विंबलडन हमेशा से पसंद रहा है, लेकिन अभी तक यहां कोई बड़ा नतीजा हासिल नहीं कर सके हैं। अगर वह इसी तरह खेलते रहे तो इस बार अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।

इटली के माटेओ बेरेटिनी ने भी शानदार जीत दर्ज की। 2021 में विंबलडन के उपविजेता रहे बेरेटिनी ने सेंटर कोर्ट पर फ्रांस के आर्थर फिल्स को 6-4, 7-5, 3-6, 6-3 से हराया। मुकाबले के दौरान बेरेटिनी ने कई शानदार एस लगाए और अपने दमदार खेल से दर्शकों का दिल जीता। तीसरा सेट हारने के बाद भी उन्होंने शानदार वापसी की और चौथा सेट जीतकर मैच को अपने नाम किया। इस जीत के साथ वह 2023 के बाद पहली बार विंबलडन के तीसरे दौर में पहुंचे हैं।

दिन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन मेजबान ब्रिटेन के 23 वर्षीय आर्थर फेरी का रहा। उन्होंने फिनलैंड के ओटो विर्टानेन को 5-7, 7-6(3), 6-3, 6-3 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पहले सेट में हारने के बाद फेरी ने शानदार वापसी की और लगातार तीन सेट जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। वह वर्ष 2000 के बाद विंबलडन पुरुष एकल के तीसरे दौर में पहुंचने वाले केवल चौथे ब्रिटिश वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बन गए हैं।

फेरी के इस मुकाबले को देखने के लिए प्रिंसेस ऑफ वेल्स भी कुछ समय तक स्टेडियम में मौजूद रहीं। हालांकि, युवा खिलाड़ी ने किसी तरह का दबाव महसूस नहीं किया और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना खेल जारी रखा। हाल के हफ्तों में भी फेरी शानदार फॉर्म में रहे हैं। वह बर्मिंघम और नॉटिंघम के ग्रास कोर्ट टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचे थे। इसके अलावा, उन्होंने पहले दौर में चौथी वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन को हराकर बड़ा उलटफेर भी किया था।

जीत के बाद फेरी ने कहा कि जिस इलाके में वह बड़े हुए, वहां से सिर्फ पांच मिनट की दूरी पर विंबलडन में खेलना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में उनके परिवार, दोस्त और कई परिचित लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि जब भी वह दर्शकों की ओर देखते हैं, तो उन्हें कोई न कोई जाना-पहचाना चेहरा दिखाई देता है, जिससे उन्हें और ज्यादा उत्साह और आत्मविश्वास मिलता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement