एशिया कप अंडर-18 हॉकी टूर्नामेंट में भारत जीत का प्रबल दावेदार, पाकिस्तान टीम के अधिकारी ने बताया इसका कारण

लाहौर, 5 जून । जापान में खेले जा रहे एशिया कप अंडर-18 हॉकी टूर्नामेंट में शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम के एक अधिकारी ने भारत को मैच जीतने का प्रबल दावेदार बताया है। उनका मानना है कि भारतीय टीम को बेहतर तैयारी और सुविधाओं का फायदा मिलेगा।

पाकिस्तान ने बुधवार को जापान के काकामिगाहारा में खेले गए अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में चीन को 5-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर, भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आई है। भारत ने ग्रुप चरण में कजाकिस्तान को 13-0 के बड़े अंतर से हराया था। इसके अलावा टीम ने साउथ कोरिया के खिलाफ भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की थी।

भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रमण और रक्षा दोनों विभागों में संतुलित खेल दिखाया है। टूर्नामेंट में मेजबान जापान ने भी दमदार प्रदर्शन किया है। जापान ने भारत, चीनी ताइपे और साउथ कोरिया के खिलाफ जीत हासिल की है। डिफेंडिंग चैंपियन जापान का दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया से सामना होगा।

पाकिस्तान हॉकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर गुरुवार को 'टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट' को बताया, "टूर्नामेंट के लिए भारत की तैयारी बहुत ज्यादा अच्छी थी, क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलियन जूनियर्स के साथ पांच मैच खेले और फिर यूरोप का टूर किया, जबकि हमारे 12 खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार टूर पर हैं और उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर नहीं खेला है।"

अधिकारी ने आगे कहा, "जब दोनों टीमें ट्रेनिंग करती हैं तो यह एक अलग बात होती है। भारतीय टीम 150 कूकाबुरा बॉल से प्रैक्टिस करती है, जबकि हमारे पास सिर्फ 12 हैं, और बाकी घटिया क्वालिटी की हैं। उनकी हॉकी स्टिक भी बेहतर हैं।"

अधिकारी ने कहा कि इसके बावजूद पाकिस्तान के खिलाड़ी जोश से भरे हुए हैं और सबसे अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। चाहे कुछ भी हो, हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि जब विरोधी भारत होता है, तो पाकिस्तान के खिलाड़ियों में जोश का लेवल अलग होता है।"

सीनियर लेवल की तरह ही भारत ने जूनियर इवेंट्स में भी पाकिस्तान पर दबदबा बनाया है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले पिछले 8 मुकाबलों में से 7 जीते हैं और एक ड्रॉ खेला है। जूनियर लेवल पर भारत के खिलाफ पाकिस्तान को आखिरी जीत 2016 में जोहर बारो में नसीब हुई थी। भारतीय टीम अपने इस दबदबे को कायम रखना चाहेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement