प्रधानमंत्री मोदी आज एशियाई पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले

नई दिल्ली, 5 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एशियाई पैरा गेम्स 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल के साथ बातचीत करेंगे। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम करीब 4.30 बजे आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

इस कार्यक्रम में एथलीट, कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति और भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारी, राष्ट्रीय खेल संघों के प्रतिनिधि एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अधिकारी शामिल होंगे।

बता दें कि भारत ने इस साल जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीटों ने 114 पदक जीते, जिसमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं। यह प्रदर्शन चीन के हांगझू में 2023 में हुए खेलों में जीते गए 108 पदकों (जिसमें 27 स्वर्ण शामिल थे) के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड से बेहतर है।

भारतीय दल ने लगातार दूसरी बार 100 पदकों का आंकड़ा पार किया है, जो पैरा-स्पोर्ट्स में भारत की बढ़ती उपस्थिति को दर्शाता है। पैरा-एथलेटिक्स भारत के लिए सबसे अधिक पदक लाने वाला खेल रहा, जिसमें 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 65 पदक जीते गए। पैरा-बैडमिंटन में 16 पदक (तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य) मिले, जबकि पैरा-तैराकी में एथलीटों ने 11 पदक (तीन रजत और आठ कांस्य) हासिल किए।

भारत ने पैरा-आर्चरी (तीरंदाजी) में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण सहित छह पदक जीते, जबकि शूटिंग में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य के साथ पांच पदक मिले।

इसके अलावा, भारतीय दल ने पैरा-टेबल टेनिस में सात कांस्य पदक, पावरलिफ्टिंग में दो रजत पदक और जूडो में दो पदक (एक रजत और एक कांस्य) जीते। बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में, जैवलिन थ्रोअर सुमित अंतिल ने पुरुषों की एफ42-एफ44/एफ61-एफ64 कैटेगरी में अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा। इस इवेंट में भारत का दबदबा देखने को मिला, जहां पोडियम पर भारतीय खिलाड़ियों का ही कब्जा रहा।

स्प्रिंटर सिमरन शर्मा ने एक और यादगार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर टी12 स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते। उन्होंने इन दोनों इवेंट्स में गेम्स रिकॉर्ड भी बनाए और इस तरह वे भारत के अभियान के सबसे प्रमुख खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरीं।

शूटिंग में भी भारत ने मेडल टैली में अहम योगदान दिया। मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन एसएच1 स्पर्धा में रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा, भारत ने 2028 समर पैरालंपिक्स के लिए शूटिंग में दो कोटा भी हासिल किए।

वहीं, 50 वर्षीय जेहान दोराब मदन ने पैरा-टेबल टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर गेम्स में भारत के सबसे उम्रदराज पदक विजेता होने का रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि देश के इस शानदार और रिकॉर्ड तोड़ने वाले प्रदर्शन में एक और अहम मील का पत्थर साबित हुई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter