श्रीलंका क्रिकेट टीम के नए हेड कोच बने गैरी कर्स्टन

कोलंबो, 9 मार्च। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर गैरी कर्स्टन को नेशनल पुरुष टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। कर्स्टन का कार्यकाल 15 अप्रैल से शुरू होगा। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और घरेलू सरजमीं पर खेलने के बावजूद टीम सुपर-8 स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई।  

साउथ अफ्रीका की ओर से खेलते हुए गैरी कर्स्टन का इंटरनेशनल करियर शानदार रहा। वह 2008 से 2011 तक भारत की राष्ट्रीय पुरुष टीम के हेड कोच रहे। कर्स्टन की अगुवाई में ही भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2011 में वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। इसके साथ ही, वह 2011 से लेकर 2013 तक साउथ अफ्रीका टीम के भी हेड कोच रहे।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा, "नए हेड कोच की नियुक्ति श्रीलंका क्रिकेट की राष्ट्रीय उच्च प्रदर्शन केंद्र की संरचना को बदलने की कोशिशों का हिस्सा है।" गैरी कर्स्टन का रिकॉर्ड बतौर हेड कोच शानदार रहा है। कर्स्टन के पास कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव भी मौजूद है, जिसके दम पर वह श्रीलंका क्रिकेट टीम को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। कर्स्टन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया टीम से बतौर सलाहकार जुड़े हुए थे।

गैरी कर्स्टन ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत 1993 में की थी, जबकि साल 2004 में उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान किया था। अपने टेस्ट और वनडे करियर में कुल मिलाकर कर्स्टन ने 14087 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 21 और एकदिवसीय क्रिकेट में 13 शतक लगाए। श्रीलंका क्रिकेट टीम के साथ कर्स्टन का कार्यकाल 2 साल का होगा, जो 14 अप्रैल 2028 को खत्म होगा। कर्स्टन के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए श्रीलंका टीम को तैयार करना होगा।

टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। दासुन शनाका की कप्तानी में श्रीलंका ने ग्रुप स्टेज में बेहतरीन प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। हालांकि, सुपर-8 राउंड में टीम को इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और फिर पाकिस्तान के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement