क्रिकेट के साथ बाकी स्पोर्ट्स पर भी ध्यान देना जरूरी, जीत की बधाई देते हुए कमल हासन ने दी सलाह

मुंबई, 9 मार्च। बात चाहे देश के घरेलू मुद्दों पर राय देनी हो या फिर वैश्विक मुद्दों पर देश की स्थिति को लेकर स्पष्टता रखनी हो, दक्षिण भारतीय अभिनेता कमल हासन कभी पीछे नहीं हटते। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ओपन लेटर लिखने के बाद अभिनेता ने भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताई है, लेकिन इसके साथ ही ऐसी बात भी कही है, जो सोचने पर मजबूर कर देती है। उन्होंने भारतीय युवाओं के अदम्य साहस पर भरोसा भी जताया है। 

टी20 विश्व कप में भारत की जीत से कमल हासन बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने न सिर्फ आईसीसी पुरुष क्रिकेट की जीत की बधाई दी, बल्कि महिला क्रिकेट टीम की जीत को भी याद किया।

अभिनेता का कहना है कि क्रिकेट की तरह अगर बाकी सभी खेलों पर ऐसे ही फोकस किया जाए तो हमारे देश के युवा कई मेडल ला सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "हमारी भारतीय टीम, लगातार दो बार आईसीसी टी20 विश्व कप विजेता रही। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप विजेता और आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता। रणजी ट्रॉफी से लेकर आईपीएल तक, भारत के मजबूत घरेलू क्रिकेट तंत्र का प्रमाण।

उन्होंने आगे बीसीसीआई को टैग कर लिखा, "कल्पना कीजिए कि अगर हर खेल में ऐसा घरेलू तंत्र होता तो भारत क्या-क्या हासिल कर सकता था। भारत के युवाओं की क्षमता असीमित है। गली-झोपड़ियों से लेकर भव्य स्टेडियमों तक, बचपन के सपनों से लेकर विश्व चैंपियन बनने तक, भारत का उदय हो रहा है।" यूजर्स भी अभिनेता के पोस्ट का सपोर्ट कर रहे हैं और हर स्पोर्ट को तवज्जो देने की बात कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि हमारे देश में क्रिकेट प्रेमी अधिक है और यही कारण है कि बाकी स्पोर्ट के बारे में तभी पता चलता है, जब वे ओलंपिक में मैडल लेकर आते हैं।

भारत तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन बन गया है और रविवार की रात हुए भारत बनाम न्यूजीलैंड के मैच में टीम का प्रदर्शन देख देशवासियों का मन गदगद हो चुका है। टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement