आईपीएल 2026: रहाणे-रघुवंशी की जोड़ी का कमाल, एलएसजी के खिलाफ बनाया खास रिकॉर्ड

कोलकाता, 9 अप्रैल। आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में गुरुवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से हो रही है। कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी की जोड़ी ने एलएसजी के खिलाफ केकेआर की ओर से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।  

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिन एलन महज 9 रन बनाकर प्रिंस यादव की गेंद पर दिग्वेश राठी को कैच देकर पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 84 रन जोड़े। केकेआर की तरफ से यह एलएसजी के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। रहाणे ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। वहीं, अंगकृष ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए।

केकेआर की ओर से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी बनाने का रिकॉर्ड श्रेयस अय्यर और फिल साल्ट के नाम दर्ज है। अय्यर-साल्ट ने साल 2024 में तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की अटूट साझेदारी निभाई थी। रिंकू सिंह भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 4 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

केकेआर ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। सुनील नरेन पूरी तरह से फिट होने के बाद अंतिम एकादश में लौट आए हैं। वहीं, ब्लेसिंग मुजरबानी को बेंच पर बैठाया गया है। हालांकि, वरुण अभी भी अपनी उंगली की चोट से उबर नहीं सके हैं, जिसके चलते वह इस मैच में टीम का हिस्सा नहीं हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत की तलाश है। रहाणे की कप्तानी में टीम ने अब तक 3 मैच खेले हैं। शुरुआती दो मुकाबलों में केकेआर को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला गया आखिरी मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसकी वजह से दोनों टीमों को एक-एक प्वाइंट मिला था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement